


समाचार-गढ़ (श्रीडूंगरगढ़)। श्रीडूंगरगढ़ तहसील के लिखमीसर गांव की रोही में पेड़ो की अवैध कटाई होने से पर्यावरण प्रेमियों में रोष व्याप्त है। जीव रक्षा संस्था सदस्यों ने लिखमीसर रोही में पेड़ो की अवैध कटाई क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह की देख रेख में होने का आरोप लगाया है। जीव रक्षा संस्था के अध्यक्ष मोखराम धारणिया ने आरोप लगाया कि श्रीडूंगरगढ़ तहसील के लिखमीसर रोही में लंबे समय से पेड़ो की अवैध कटाई का कार्य क्षेत्रीय वन अधिकारी जितेंद्र सिंह की देखरेख में चल रहा है और यंहा से खेजड़ी के हरे पेड़ काटकर चुन्ने की फेक्ट्रियो में सप्लाई की जा रही है। मौके पर चार -पांच अवैध आरा मशीनें लगा रखी है। जिससे पेड़ो की लकड़ियों के टुकड़े-टुकड़े कर गाड़ियों में भरकर बीकानेर सप्लाई कर रहे थे। जिसकी सूचना पर जीव रक्षा संस्था के पदाधिकारियों व पर्यावरण प्रेमियों ने 24 घण्टे लगातार निगरानी रखते हुए पूरी रात गश्त की ओर हरी खेजडियो के पेड़ के टुकड़ों से भरा हुआ एक मिनी ट्रक बाईपास खारा के पास सीसीएफ फ्लाइंग द्वारा पकड़ा गया। इस मिनी ट्रक में करीब 80 क्विंटल लकड़ियां भरी हुई है। इसके बाद फ्लाइंग टीम द्वारा लिखमीसर रोही में एक अवैध आरा मशीन भी जब्त की गई है। जीव रक्षा संस्था के अध्यक्ष मोखराम धारणिया ने वन विभाग के उच्च अधिकारियों से पूरे मामले में ठोस कार्यवाही की मांग की है। कार्यवाही नही होने पर श्रीडूंगरगढ़ रेंज के आगे धरना देने की चेतावनी दी है।
