समाचार गढ़, 3 जून 2025, श्रीडूंगरगढ़। राज्य सरकार के परिवर्तित बजट वर्ष 2024-25 की घोषणा संख्या 64.02.00 के तहत प्रत्येक संभाग स्तर पर एक आदर्श आवासीय वेद विद्यालय स्थापित किया जाना है। इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र श्रीडूंगरगढ़ में बीकानेर सम्भाग का पहला वेद विद्यालय की स्थापना की जाएगी।
विभागीय निर्देशानुसार जब तक वेद विद्यालय का नवीन भवन निर्मित नहीं हो जाता, तब तक विद्यालय का संचालन अस्थाई रूप से आगामी शैक्षणिक सत्र 1 जुलाई 2025 से प्रारंभ किया जाएगा।
यह वेद विद्यालय वैदिक शिक्षा को बढ़ावा देने, भारतीय संस्कृति के मूल्यों के संरक्षण तथा विद्यार्थियों में संस्कार निर्माण की दिशा में एक अहम कदम होगा।
श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने बीकानेर सम्भाग के पहले वेद विद्यालय की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की भावी पीढ़ी के चरित्र निर्माण और सांस्कृतिक उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा।










