कांग्रेस ने खोया बड़ा चेहरा, रामेश्वर डूडी के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक
समाचार गढ़, 4 अक्टूबर 2025, बीकानेर।
कांग्रेस के कद्दावर नेता व पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी का लंबी बीमारी के बाद आज बीकानेर में निधन हो गया। वे 62 वर्ष के थे। डूडी पिछले करीब 26 माह से कोमा में चल रहे थे।
रामेश्वर डूडी को प्रदेश में किसान नेता के रूप में पहचान मिली। उन्होंने अपनी राजनीति की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी। वर्ष 1995 में पंचायत राज चुनाव में वे नोखा पंचायत समिति के प्रधान बने। इसके बाद वे भारत की सबसे बड़ी पंचायत, लोकसभा में सांसद चुने गए। वहीं राजस्थान विधानसभा में वे नेता प्रतिपक्ष भी रहे।
गौरतलब है कि जिस समय वे बीमार हुए थे, उस समय उन्हें राजस्थान सरकार में कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। उनके समर्थक लगातार उनकी दीर्घायु की प्रार्थना कर रहे थे।
बीती देर रात जैसे ही उनके निधन की खबर सोशल मीडिया पर फैली, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। प्रदेश कांग्रेस ने भी उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताया है।










