समाचार गढ़ 13 मई 2025 मौसम विभाग ने मंगलवार को राजस्थान के 21 जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, 15 मई से राज्य के उत्तर-पश्चिमी जिलों में हीटवेव को लेकर भी येलो अलर्ट घोषित किया गया है। इससे पहले सोमवार शाम प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली और अचानक तेज बारिश हुई।
जयपुर, सीकर, अजमेर, अलवर, टोंक, भीलवाड़ा, झुंझुनूं और हनुमानगढ़ जिलों में बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई। सीकर और केकड़ी में बारिश के साथ ओले भी गिरे। सीकर में बारिश के पानी में करंट फैलने से एक युवक की जान चली गई।
दूसरी ओर, राज्य के कई शहरों में आज तेज गर्मी का प्रकोप जारी रहा। बीकानेर और बाड़मेर में अधिकतम तापमान क्रमश: 42.5 और 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं जैसलमेर में 42.1, चूरू में 41.5, श्रीगंगानगर में 41.3, पिलानी में 40.5 और जोधपुर में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।
जयपुर में दिन भर गर्म हवा चलती रही और अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और ग्रामीण इलाकों में धूलभरी हवा चली। बीकानेर में भी दोपहर बाद मौसम में हल्का बदलाव आया और बादलों की आवाजाही रही।
राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम के ऐसे ही उतार-चढ़ाव की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग ने नागरिकों को सतर्क रहने की अपील की है।




















