समाचार गढ़ 14 मई 2026। नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने घरेलू बाजार में चीनी की कीमतों को नियंत्रित रखने और पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बड़ा फैसला लेते हुए चीनी के निर्यात पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी है। यह प्रतिबंध 30 सितंबर 2026 तक लागू रहेगा।
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार रॉ शुगर, व्हाइट शुगर और रिफाइंड शुगर तीनों के निर्यात पर रोक लगाई गई है। विदेश व्यापार महानिदेशालय (DGFT) ने चीनी की निर्यात नीति को “Restricted” से बदलकर “Prohibited” कर दिया है।
हालांकि अमेरिका और यूरोपीय संघ (EU) के लिए निर्धारित कोटा व्यवस्था के तहत निर्यात जारी रहेगा। इसके अलावा पहले से प्रक्रिया में चल रहे कुछ निर्यात ऑर्डर भी इस फैसले से बाहर रखे गए हैं।
सरकार का मानना है कि उत्पादन में कमी और घरेलू मांग बढ़ने के कारण चीनी की कीमतों में तेजी आ सकती है। इसी को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। भारत ब्राजील के बाद दुनिया का सबसे बड़ा चीनी निर्यातक देश माना जाता है, ऐसे में इस फैसले का असर वैश्विक बाजार पर भी देखने को मिल सकता है।














