समाचार-गढ़ 7 सितंबर, 2026।
International News: भारत और पाकिस्तान के बीच हवाई क्षेत्र को लेकर प्रतिबंध लागू हैं। ऐसे में पाकिस्तान की ओर से बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित नेपाल के लिए 100 टन राहत सामग्री भेजे जाने की खबर सामने आई है। सवाल उठता है कि जब दोनों देशों ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपना एयरस्पेस बंद कर रखा है, तो पाकिस्तान से राहत सामग्री लेकर विमान नेपाल तक आखिर पहुंचा कैसे?
दरअसल, पाकिस्तान ने नेपाल को मानवीय सहायता के तौर पर 100 टन राहत सामग्री भेजी है। पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के मुताबिक, यह खेप राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) के समन्वय से तैयार की गई और चार्टर्ड विमान के जरिए इस्लामाबाद से नेपाल भेजी गई।
राहत सामग्री में क्या-क्या भेजा गया?
पाकिस्तान के विदेश कार्यालय के अनुसार, नेपाल के बाढ़ और भूस्खलन प्रभावित लोगों के लिए भेजी गई राहत सामग्री में तंबू, कंबल, चटाइयां, स्वच्छता किट और जरूरी दवाएं शामिल हैं।
पाकिस्तान ने कहा है कि इस मानवीय सहायता का उद्देश्य प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत उपलब्ध कराना है। इस दौरान पाकिस्तान ने नेपाली सरकार और वहां के प्रभावित समुदायों के प्रति एकजुटता भी जाहिर की।
भारत का एयरस्पेस बंद, फिर नेपाल कैसे पहुंचा विमान?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि भारत और पाकिस्तान के बीच एयरस्पेस प्रतिबंधों के बावजूद राहत सामग्री लेकर विमान नेपाल कैसे पहुंचा।
दरअसल, पाकिस्तान से नेपाल के लिए राहत सामग्री लेकर जाने वाला विमान कतर एयरवेज का था। यह विमान कतर की राष्ट्रीय एयरलाइन है। राहत सामग्री को इसी चार्टर्ड विमान के जरिए इस्लामाबाद से नेपाल पहुंचाया गया।
भारत ने अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर प्रतिबंध पाकिस्तानी स्वामित्व वाले विमानों के लिए लगाया हुआ है। ऐसे में कतर एयरवेज के विमान पर यह प्रतिबंध लागू नहीं हुआ। यही वजह है कि पाकिस्तान की राहत सामग्री लेकर जा रहा कतर एयरवेज का विमान भारतीय हवाई क्षेत्र से होकर नेपाल पहुंच सका।
यानी राहत सामग्री पाकिस्तान से भेजी गई थी, लेकिन उसे ले जाने वाला विमान पाकिस्तानी एयरलाइन का नहीं था।
इस्लामाबाद एयरपोर्ट पर हुआ भव्य विदाई समारोह
नेपाल को राहत सामग्री भेजने से पहले पाकिस्तान ने इस अभियान का जमकर प्रचार भी किया। इस्लामाबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर राहत सामग्री की खेप को रवाना करने के लिए एक विशेष विदाई समारोह आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम में पाकिस्तान में नेपाल के राजदूत के अलावा विदेश मंत्रालय, NDMA और अन्य संबंधित संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान दोनों देशों के संबंधों और मानवीय सहयोग को लेकर भी चर्चा हुई।
भारत-पाकिस्तान एयरस्पेस प्रतिबंध के बीच सामने आया मामला
भारत और पाकिस्तान के बीच मौजूदा हवाई प्रतिबंधों के बीच पाकिस्तान की राहत सामग्री का नेपाल पहुंचना इसलिए चर्चा में है क्योंकि सामान पाकिस्तान से भेजा गया, लेकिन उसे ले जाने के लिए तीसरे देश की एयरलाइन का इस्तेमाल किया गया।
इस तरह कतर एयरवेज के विमान ने भारत के एयरस्पेस से होकर पाकिस्तान की राहत सामग्री को नेपाल तक पहुंचाया।









