समाचार-गढ़ 10 सितंबर, 2026।
बीकानेर। राजस्थान निकाय चुनाव के दौरान बीकानेर में उस समय माहौल गरमा गया, जब मतदान केंद्र के बाहर एक बात को लेकर भाजपा विधायक जेठानंद व्यास की मतदान कार्मिक से कहासुनी हो गई। मामला इतना बढ़ गया कि विधायक अपनी कार से उतरकर कार्मिक के पीछे दौड़ पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद मतदान केंद्र के आगे गाड़ी खड़ी करने को लेकर शुरू हुआ। मतदान कार्मिक ने गाड़ी खड़ी करने पर आपत्ति जताई। इसी दौरान कथित तौर पर कार्मिक की किसी टिप्पणी से विधायक नाराज हो गए। इसके बाद विधायक कार से उतरे और कार्मिक के पीछे दौड़ने लगे।
मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक को रोक लिया और समझाइश के बाद स्थिति शांत हुई। कुछ देर बाद विधायक वहां से रवाना हो गए। विधायक जेठानंद व्यास ने मतदान कार्मिक पर बदसलूकी का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर से शिकायत भी की है।
बीकानेर में 68.91 प्रतिशत मतदान
बीकानेर नगर निगम के 79 वार्डों में बुधवार को मतदान हुआ। शाम 6 बजे तक 68.91 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। हालांकि, कुछ मतदान केंद्रों पर शाम 6 बजे के बाद भी मतदान जारी रहा, जिसके चलते अंतिम मतदान प्रतिशत बाद में स्पष्ट होगा।
सुबह 10 बजे तक 20.84 प्रतिशत, दोपहर 1 बजे तक 44.31 प्रतिशत, दोपहर 3 बजे तक 56.74 प्रतिशत और शाम 6 बजे तक 68.91 प्रतिशत मतदान हुआ। मतदान शुरू होते ही कई केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं में भी खासा उत्साह नजर आया।
सांसद और नेताओं ने भी किया मतदान
नगर निगम चुनाव में केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने किसमीदेसर क्षेत्र में मतदान किया। बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने जुगल भवन मतदान केंद्र, विधायक सिद्धि कुमारी ने उरमूल डेयरी परिसर तथा कांग्रेस नेता डॉ. बी.डी. कल्ला ने डागा चौक स्थित महेश भवन में मतदान किया।
बुजुर्ग और दिव्यांग मतदाताओं में भी उत्साह
मतदान के दौरान बुजुर्ग, बीमार और दिव्यांग मतदाता भी उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचे। कई बुजुर्ग परिवारजनों के साथ तो दिव्यांग मतदाता व्हीलचेयर के जरिए मतदान करने पहुंचे।
वार्ड 73 में कांग्रेस प्रत्याशी अनिल कल्ला और भाजपा प्रत्याशी दीपक पारीक भी मतदान केंद्र पर आमने-सामने आए। दोनों ने चुनावी प्रतिद्वंद्विता को अलग रखते हुए एक-दूसरे से सौहार्दपूर्ण तरीके से मुलाकात की।
कुछ केंद्रों पर EVM को लेकर शिकायत
मतदान के दौरान कुछ केंद्रों पर EVM में खराबी और धीमी गति से चलने की शिकायतें भी सामने आईं। पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के जनेश्वर भवन स्थित भाग संख्या-1 के मतदान केंद्र पर सुबह 7 बजे EVM खराब होने के कारण मतदान शुरू नहीं हो सका। यहां करीब 9:11 बजे मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। इसके अलावा तीन अन्य मतदान केंद्रों पर भी EVM खराब होने की शिकायत सामने आई।
79 वार्डों में 373 उम्मीदवारों का भाग्य EVM में बंद
बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में कुल 80 वार्ड हैं, जिनमें एक वार्ड में निर्विरोध निर्वाचन हो चुका है। ऐसे में बुधवार को 79 वार्डों में मतदान हुआ। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही इन वार्डों से चुनाव मैदान में उतरे 373 उम्मीदवारों का भाग्य EVM में बंद हो गया। अब सभी की नजर 14 सितंबर को होने वाली मतगणना पर है।









