समाचार गढ़ 6 नवंबर 2026।
दिवाली के माहौल के बीच बीकानेर में चाकूबाजी की एक गंभीर घटना सामने आई है। कोटगेट थाना क्षेत्र में मुख्य डाकघर के पास पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में 34 वर्षीय युवक अकरम उर्फ सोनू की जान चली गई। गुरुवार रात चाकू से हमला किए जाने के बाद उसे गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था, जहां शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुरानी रंजिश में शुरू हुआ विवाद, फिर हुआ चाकू से हमला
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब 10:30 बजे मुख्य डाकघर के पास स्थित एक गली में दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष के कुछ लोग दूसरे पक्ष के युवक के घर में घुस गए और अकरम पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे उसने दम तोड़ दिया।
10 से ज्यादा लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना के बाद पुलिस ने सोएब, ताहिर और अख्तर समेत 10 अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने एक-दो संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है।
एसपी के निर्देशन में जांच जारी
मामले की जांच एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देशन में कोटगेट थाना अधिकारी विक्रम तिवारी कर रहे हैं। पुलिस घटनास्थल और विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाने की प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
दिवाली के बीच हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश और घटना के पीछे की पूरी वजह का पता लगाने में जुटी है।








