समाचार गढ़ 17 नवंबर 2026।
उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में मंगलवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। गुलार बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत की खबर है, जबकि कई लोग घायल हुए हैं।
उत्तराखंड में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने लोगों को झकझोर दिया। टिहरी गढ़वाल जिले में गुलार बाजार के पास एक बस अनियंत्रित होकर पुल से नीचे खाई में गिर गई। बस करीब 100 मीटर नीचे जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना में अब तक 8 लोगों की जान जा चुकी है।
SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं, रेस्क्यू जारी
हादसे के बाद घटनास्थल पर राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया गया। जिला मजिस्ट्रेट ने बताया कि गुलार बाजार के पास बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में गिरी है। सूचना मिलते ही ब्यासी और ढालवाला से SDRF की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया।
घायलों को बाहर निकालने और उन्हें उपचार के लिए पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे में कितने लोग घायल हुए हैं, इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना अभी बाकी है।
पीएम मोदी ने हादसे पर जताया दुख
टिहरी गढ़वाल में हुए इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दुख जताया है। उन्होंने दुर्घटना में हुई जनहानि पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जाहिर की। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
जोशीमठ में हेलीकॉप्टर क्रैश में गई थी 6 लोगों की जान
गौरतलब है कि हाल ही में उत्तराखंड के जोशीमठ में भी एक बड़ा हादसा हुआ था। यहां खराब मौसम के चलते एक हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें सवार सभी 6 यात्रियों की मौत हो गई थी।
जानकारी के अनुसार, ट्रांस भारत कंपनी का हेलीकॉप्टर बदरीनाथ धाम से 6 यात्रियों को लेकर देहरादून के सहस्त्रधारा जा रहा था। इसी दौरान चाई और थायंग गांव के ऊपर खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया था।







