समाचार गढ़ 17 नवंबर 2026।
छत्तीसगढ़ के जंगलों में इन दिनों एक हाथी को पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। करीब 3 हजार किलो वजनी और 20 साल का यह हाथी पिछले 6-7 महीनों में कथित तौर पर 16 लोगों को कुचलकर मार चुका है। इसे पकड़ने के लिए 100 से ज्यादा वनकर्मी, 3 पशु चिकित्सक, 2 प्रशिक्षित कुमकी हाथी और ड्रोन की मदद ली जा रही है।
छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाकों में ‘कबरा कान’ नाम का यह हाथी वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। इसके कान पर मौजूद अलग तरह के निशान और रंग के कारण इसकी पहचान ‘कबरा कान’ के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हाथी इन दिनों मस्त अवस्था में है और काफी आक्रामक हो चुका है।
पिछले 6 से 7 महीनों में यह हाथी कोरिया, सरगुजा, सूरजपुर और बलरामपुर जिलों के जंगलों में घूमते हुए कथित तौर पर 16 लोगों की जान ले चुका है। करीब 75 किलोमीटर के दायरे में लगातार अपनी लोकेशन बदलने वाला यह हाथी एक रात में 35 से 40 किलोमीटर तक का सफर तय कर लेता है।
100 से ज्यादा वनकर्मी तलाश में जुटे, ड्रोन से रखी जा रही नजर
हाथी को बेहोश कर पकड़ने के लिए वन विभाग को 12 नवंबर को राज्य और केंद्र सरकार से अनुमति मिली थी। इसके बाद विभाग ने बड़े स्तर पर अभियान शुरू किया। पिछले चार दिनों से 100 से ज्यादा वनकर्मी, जिनमें DFO भी शामिल हैं, हाथी की तलाश में जुटे हुए हैं।
तीन पशु चिकित्सकों की अलग-अलग टीमें उन रास्तों पर तैनात की गई हैं, जहां से हाथी के जंगल से बाहर निकलने की संभावना है। उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जा रही है। इसके अलावा ऑपरेशन में कर्नाटक से करीब एक दशक पहले छत्तीसगढ़ लाए गए दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों को भी शामिल किया गया है।
दूसरे हाथियों के झुंड में छिप रहा ‘कबरा कान’
वन विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि कबरा कान दूसरे हाथियों के झुंड में शामिल हो गया है। अधिकारियों को आशंका है कि उसे इस बात का अंदाजा हो गया है कि वन विभाग उसकी तलाश कर रहा है। ऐसे में वह दूसरे हाथियों के बीच रहकर अपनी पहचान छिपा रहा है।
अधिकारियों के मुताबिक, यह हाथी झुंड से करीब 10 से 20 मीटर पीछे चलता है। हालांकि, झुंड के दूसरे हाथी भी उसे अपने साथ रखने में ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं। इस दौरान उसका झुंड के दूसरे हाथियों से संघर्ष भी हुआ है। वन विभाग को उम्मीद है कि वह जल्द ही झुंड से अलग होगा, जिससे उसे पकड़ने का मौका मिल सकेगा।
बेहोश करने के बाद 8 पहियों वाले ट्रक में किया जाएगा शिफ्ट
वन विभाग की योजना है कि हाथी को जंगल से बाहर निकलने के बाद ही ट्रैंकुलाइज यानी बेहोश किया जाए। इसकी वजह यह है कि करीब 3 हजार किलो वजनी हाथी को बेहोशी या अर्धबेहोशी की हालत में घने जंगल से बाहर निकालना काफी मुश्किल होगा।
इसके लिए विभाग ने खास इंतजाम किए हैं। जमीन में एक बड़ा गड्ढा खोदा गया है और आठ पहियों वाले ट्रक के पिछले हिस्से को उसमें नीचे किया गया है। हाथी को बेहोश करने के बाद कुमकी हाथियों की मदद से धीरे-धीरे ट्रक तक लाया जाएगा। इसके लिए एक रैंप भी तैयार किया गया है।
छत्तीसगढ़ में हाथियों के हमलों से 340 से ज्यादा मौतें
छत्तीसगढ़ में मानव और हाथियों के बीच संघर्ष लंबे समय से गंभीर समस्या बना हुआ है। द इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया की रिपोर्ट में बताया गया है कि वर्ष 2000 से 2023 के बीच राज्य में हाथियों के हमलों में 737 लोगों की मौत हुई, जबकि 91 लोग घायल हुए। इसी अवधि में 218 हाथियों की भी मौत हुई, जिनमें से 77 की जान बिजली के करंट से गई।
जशपुर, धरमजयगढ़, सूरजपुर और कोरबा हाथियों के हमलों से सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में शामिल हैं। वहीं, इसी साल जनवरी में छत्तीसगढ़ विधानसभा में पेश आंकड़ों के मुताबिक, पिछले पांच वर्षों में राज्य में हाथियों के हमलों से 340 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।







