समाचार गढ़ 17 नवंबर 2026।
बीकानेर के गंगाशहर थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति के बैंक खाते से अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर 1 लाख 30 हजार रुपए निकाल लिए। बताया जा रहा है कि पीड़ित के बच्चे मोबाइल में गेम खेलते समय किसी अनजान लिंक पर क्लिक कर एक ऐप डाउनलोड कर बैठे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, परिवादी पवन जैन पुत्र झंवरलाल जैन निवासी पुरानी लाइन, गंगाशहर ने इस संबंध में रिपोर्ट दर्ज कराई है। परिवादी ने बताया कि उसके बच्चे मोबाइल फोन पर गेम आदि खेलते रहते हैं। इसी दौरान गेम खेलते समय बच्चों ने मोबाइल में किसी अज्ञात लिंक पर क्लिक कर दिया और एक एप्लीकेशन डाउनलोड कर लिया।
इसके बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने कथित तौर पर धोखाधड़ी कर परिवादी के बैंक खाते से 1 लाख 30 हजार रुपए निकाल लिए। खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की।
ई-जीरो FIR के आधार पर दर्ज हुआ मामला
मामले की सूचना मिलने के बाद राजस्थान क्राइम कंट्रोल सेंटर के साइबर पुलिस स्टेशन से प्राप्त ई-जीरो FIR के आधार पर गंगाशहर थाने में मामला दर्ज किया गया है।
परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने जांच ASI रामलाल को सौंपी है। पुलिस अब साइबर ठगी के तरीके, संदिग्ध लिंक और ऐप के जरिए आरोपी की पहचान करने का प्रयास कर रही है।







