समाचार गढ़ 27 अक्टूबर 2026।
तमिलनाडु: तमिलनाडु के थेनी जिले की थेक्कमपट्टी जेल से 17 कैदियों के एक साथ फरार होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ कैदियों ने दौरे पड़ने का नाटक किया। उनकी मदद के लिए जेल कर्मचारी पास पहुंचे तो उन पर हमला कर दिया गया। इसके बाद 17 कैदी जेल से भाग निकले। घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार कैदियों की तलाश के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं और आसपास के जिलों में वाहनों की जांच तेज कर दी गई है। पुलिस के मुताबिक, तलाशी अभियान के दौरान अब तक 4 कैदियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
दौरे पड़ने का नाटक कर गार्ड पर किया हमला
पुलिस के अनुसार, जेल में बंद कुछ कैदियों ने दौरे पड़ने का नाटक किया था। उनकी मदद के लिए जैसे ही जेल कर्मचारी पास पहुंचे, कैदियों ने उन पर हमला कर दिया। इसके बाद 17 कैदी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तलाश अभियान शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थेनी जिले के पुलिस अधीक्षक के.एस. प्रवीण गौतम ने जेल का निरीक्षण किया। वहीं, कंदमनूर पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जेल अधिकारियों और पुलिस की टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि कैदी किस तरह फरार हुए और सुरक्षा में कहां चूक हुई।
17 विशेष टीमें गठित, 16 जगहों पर चेक पोस्ट
फरार कैदियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने 17 विशेष टीमें बनाई हैं। उनकी तलाश में आसपास के इलाकों में अभियान चलाया जा रहा है। पड़ोसी डिंडीगुल जिले में 16 स्थानों पर चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि फरार कैदी अपने गृह नगरों की ओर जाने की कोशिश कर सकते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए पड़ोसी जिलों में निगरानी बढ़ाई गई है। खासकर उन इलाकों पर नजर रखी जा रही है, जहां फरार कैदियों के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
फरार कैदियों में ये नाम शामिल
जेल से फरार हुए 17 कैदियों की पहचान लिंगम, राजा सिंगंधर, करुप्पसामी, सिलंबरसन, तिरुपति, मेंजीसुंदरम, सबरी, पोन मुथु, निजांत, कार्तिक राजा, मुगिलन, सेल्वा, तरुण, राजकुमार, प्रवीण, मुथु इलंगो और राजुवीन के रूप में बताई गई है।
IGP ने गिरफ्तारी की पुष्टि की
साउथ जोन के पुलिस महानिरीक्षक (IGP) विजयेंद्र बिदारी ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान फरार कैदियों में से एक को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, डिंडीगुल के पुलिस अधीक्षक एस. जयकुमार के अनुसार, कैदियों के फरार होने के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और वाहनों की जांच की जा रही है।
फिलहाल पुलिस फरार कैदियों की तलाश में जुटी है। साथ ही, जेल प्रशासन के अधिकारी घटना के पूरे घटनाक्रम और संभावित सुरक्षा चूक की जांच कर रहे हैं।








