समाचार-गढ़, 18 अगस्त, श्रीडूंगरगढ़। बढ़ती बाइक चोरियों के बीच पुलिस को मुखबिरी की सहायता से कुछ अवैध बाइक्स का जखीरा हाथ लगा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे मुखबिर द्वारा शेरुणा पुलिस को सूचना दी गई और थानाधिकारी इंद्रलाल ने कांस्टेबल मुकेश कुमार, गौरीशंकर, रामस्वरूप व साइबर सेल के हेडकांस्टेबल दीपक कुमार, दिलीपसिंह के साथ विशेष टीम का गठन कर शाम 5 बजे लखासर-दुलचासर रोड स्थित जगदीश दर्जी के खेत पर दबिश दी। वहां पर पुलिस को तिरपाल के नीचे ढक कर रखी गई 13 बाइकें और 1 स्कूटी मिली। मौके पर दुलचासर निवासी ओमप्रकाश पुत्र अखाराम कस्वां मिला जिसने यह खेत काश्त के लिए ले रखा है। पुलिस ने उससे इतनी संख्या में दुपहिया वाहनों के बारे में पूछा ओर कागजात मांगे तो ओमप्रकाश जानकारी नहीं दे पाया। इस पर पुलिस ने मामला संदिग्ध मानते हुए धारा 102 के तहत चोरी के माल का अंदेशा लगाते हुए सभी वाहनों को सीज कर लिया व ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी से पूछताछ जारी है और सभी वाहनों के इंजन नम्बर, चेसिस नम्बर जिले के सभी थानों में भेजे गए हैं ताकि वाहन जहां से चोरी हुई हो तो उसका पता लग सके। हालांकि चोरों ने सभी वाहनों की नम्बर प्लेट तोड़ कर ही रखे हैं ताकि पहचान न हो पाए।











