समाचार गढ़, 2 सितम्बर, श्रीडूंगरगढ़। मोमासर गांव में एक किराणा दुकान के ताले तोड़कर चोरों ने नकदी और सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना 29 अगस्त 2024 की रात टंकी बास, लाछड़सर रोड पर स्थित दुकान में हुई। दुकान मालिक मनोज कुमार, जो मोमासर निवासी हैं, ने बताया कि चोरों ने 27 हजार रुपए नकद और करीब 10 हजार रुपए के पान मसाला, सिगरेट और अन्य किराना सामान चोरी कर लिया। मनोज कुमार ने इस मामले में रतनराम, बाबूलाल और राजूराम के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों को पकड़ने और चोरी किए गए नकदी और सामान की वसूली की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच की जिम्मेदारी हैड कांस्टेबल देवाराम को सौंप दी है।




















