समाचार गढ़, 16 जुलाई, बीकानेर। जिले के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। लंबे समय से लंबित खाजूवाला- जैसलमेर रेल लाइन परियोजना को लेकर केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इस परियोजना के लिए लगभग 260 किलोमीटर लंबी रेल लाइन के सर्वे को मंजूरी मिल गई है।
खाजूवाला क्षेत्र को रेलवे नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में यह अहम फैसला केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल के प्रयासों का परिणाम माना जा रहा है। इस मंजूरी से सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए विकास के नए रास्ते खुलेंगे और रणनीतिक दृष्टि से भी यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी।
इस मौके पर खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल का आभार जताते हुए कहा कि, “यह रेल लाइन क्षेत्र की कनेक्टिविटी बढ़ाने के साथ-साथ व्यापार, पर्यटन और रक्षा दृष्टि से भी अत्यंत उपयोगी रहेगी।”
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस रेल परियोजना से रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों में भी तेजी आएगी। रेल लाइन के बनने से बीकानेर से जैसलमेर होते हुए खाजूवाला तक परिवहन में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।




















