विलुप्ति के कगार पर खड़ा दुर्लभ जीव ‘सेह’ श्रीडूंगरगढ़ की आबादी में आया, समय रहते हुआ सुरक्षित रेस्क्यू
समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़।
शहर की आबादी क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब कालू बास इलाके में एक दुर्लभ व विलुप्तप्राय जीव ‘सेह’ दिखाई दिया। यह जीव अपने शरीर पर घने कांटों के कारण बेहद विचित्र नजर आ रहा था, जिसे देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए और मौके पर भीड़ जमा हो गई।
इस संबंध में आपणों गाँव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति को कालू बास निवासी बनवारी सोनी ने सूचना दी। सूचना मिलते ही समिति के सेवादार दिव्यांश मौके पर पहुंचे और स्थानीय वन विभाग के रोहिताश के सहयोग से पूरे सावधानीपूर्वक तरीके से जीव का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया।
जानकारी के अनुसार यह जीव ‘सेह’ (हिस्ट्रिक्स इंडिका) प्रजाति का है, जो वर्तमान में विलुप्ति के कगार पर मानी जाती है। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2018 के बाद यह प्रजाति पहली बार क्षेत्र में देखी गई, जिससे यह घटना और भी खास बन गई।
रेस्क्यू के बाद वन विभाग द्वारा बताया गया कि इस दुर्लभ जीव को जल्द ही बीकानेर में निर्माणाधीन जियोलॉजिकल पार्क में सुरक्षित रूप से विस्थापित किया जाएगा, ताकि इसका संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
आबादी क्षेत्र में इस दुर्लभ जीव के दिखाई देने से लोगों में काफी उत्सुकता देखी गई, क्योंकि अधिकांश लोगों ने इसे पहली बार अपनी आँखों से देखा। समय पर सूचना और त्वरित रेस्क्यू से न केवल जीव की जान बची, बल्कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की आशंका भी टल गई।













