श्रीडूंगरगढ़ में 26 जनवरी को विशाल रक्तदान शिविर, स्व. लक्ष्मीनारायण अड़ावलिया की पुण्य स्मृति में आयोजन
समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़। नागरिक विकास परिषद् श्रीडूंगरगढ़ द्वारा कस्बे के प्रमुख भामाशाह व समाजसेवी स्व. लक्ष्मीनारायण अड़ावलिया की पुण्य स्मृति में 26 जनवरी 2026, गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रथम एवं परिषद् का विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर प्रातः 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक NVP भवन, आडसर बास में आयोजित होगा।
आयोजकों ने बताया कि रक्तदान को “जीवनदान” और “महादान” मानते हुए इस शिविर का उद्देश्य गंभीर बीमारियों, दुर्घटनाओं, ऑपरेशन व प्रसव के दौरान रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों को नया जीवन देना है। रक्तदान से न केवल जरूरतमंदों की जान बचती है, बल्कि रक्तदाता को भी स्वास्थ्य लाभ मिलता है, जैसे कोलेस्ट्रोल व हृदय रोग के जोखिम में कमी तथा शरीर में नए रक्त का निर्माण तेज होना।
18 से 60 वर्ष आयु, 48 किलोग्राम से अधिक वजन और 12 से अधिक हीमोग्लोबिन वाले स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकते हैं। महिलाओं की सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए उनके लिए अलग व्यवस्था की गई है। शिविर का आर्थिक सौजन्य महावीरप्रसाद–सीताराम–लालचन्द अड़ावलिया परिवार द्वारा दिया जा रहा है।
नागरिक विकास परिषद् व अड़ावलिया परिवार ने अधिक से अधिक नागरिकों से उत्साहपूर्वक रक्तदान कर देश व समाज के प्रति अपना कर्तव्य निभाने की अपील की है।











