समाचार गढ़ 4 अप्रैल 2026। बीकानेर। जिले में बिना मान्यता संचालित हो रहे निजी स्कूलों और डमी स्टूडेंट्स के नाम पर चल रही अनियमितताओं के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिला शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) किशनदान चारण ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए हैं।
आदेश के अनुसार, जिले के प्रत्येक ब्लॉक में दो सदस्यीय जांच टीम गठित की जाएगी, जो अपने-अपने क्षेत्र में संचालित निजी स्कूलों की स्थिति की जांच करेगी। सभी टीमों को 16 अप्रैल तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी।
बिना मान्यता और अवैध कक्षाओं पर कार्रवाई
शिक्षा विभाग को मिली शिकायतों के अनुसार कई निजी स्कूल बिना विभागीय मान्यता के संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा कुछ स्कूल स्वीकृत कक्षाओं से ऊपर की कक्षाओं में भी अवैध रूप से प्रवेश दे रहे हैं, जो नियमों का उल्लंघन है।
डमी स्टूडेंट्स के नाम पर बड़ा खेल
जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ स्कूल डमी स्टूडेंट्स के एडमिशन लेकर उन्हें अन्य स्कूलों में ट्रांसफर कर रहे हैं। वहीं कोचिंग संस्थानों में पढ़ने वाले छात्रों को सुबह की शिफ्ट में ऐसे डमी एडमिशन के जरिए पढ़ाया जा रहा है।
जिला शिक्षा अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की गतिविधियों को गंभीर अनियमितता मानते हुए संबंधित स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मान्यता रद्द करने तक की तैयारी
शिक्षा विभाग ने चेतावनी दी है कि दोषी पाए जाने वाले स्कूलों की मान्यता समाप्त करने के प्रस्ताव माध्यमिक शिक्षा निदेशक को भेजे जाएंगे। यह कार्रवाई राजस्थान गैर सरकारी शैक्षणिक संस्थान नियम 1993 के तहत की जाएगी।
आदेश जारी होने के बाद शिक्षा विभाग में हलचल तेज हो गई है और कई निजी स्कूलों की जांच प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।












