समाचार गढ़ 30 अप्रैल 2026। बीकानेर शहर के सदर थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा खुद को गैंग संचालक बताते हुए 2 करोड़ रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राणीसर बास निवासी मुकेश बिश्नोई ने सदर थाने में रिपोर्ट दी है कि सर्वोदय बस्ती निवासी सीताराम कस्वां ने उन्हें व्हाट्सऐप कॉल कर धमकी दी। आरोपी ने खुद को “किंग ग्रुप” नाम की गैंग का संचालक बताया और कहा कि उसका अन्य गैंग्स से भी संपर्क रहा है।
एफआईआर के अनुसार, आरोपी ने मुकेश बिश्नोई से 2 करोड़ रुपए की फिरौती की मांग की और रुपए नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी।
घटना 27 अप्रैल की शाम करीब 5ः45 बजे की बताई जा रही है। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद 29 अप्रैल की रात करीब 8 बजे मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने जांच की जिम्मेदारी एएसआई तनेराव सिंह को सौंपी है। फिलहाल पुलिस कॉल डिटेल और रिकॉर्डिंग के आधार पर यह पुष्टि करने में जुटी है कि कॉल वास्तव में आरोपी द्वारा ही की गई थी या नहीं। साथ ही कॉल के स्क्रीनशॉट और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।















