पश्चिम बंगाल में भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के PA की गोली मारकर हत्या, चुनाव नतीजों के बाद हिंसा तेज
पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। नॉर्थ 24 परगना जिले के मध्यमग्राम में बुधवार देर रात भाजपा नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पर्सनल असिस्टेंट चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार चंद्रनाथ रथ एक स्कॉर्पियो गाड़ी में ड्राइविंग सीट के पास बैठे हुए थे। गाड़ी में ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद था। इसी दौरान पीछे से आई एक कार ने स्कॉर्पियो के आगे आकर रास्ता रोक लिया। इसके बाद बाइक सवार हमलावर मौके पर पहुंचा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने करीब पांच राउंड फायर किए, जिनमें से चार गोलियां चंद्रनाथ रथ को लगीं। दो गोलियां उनके सीने को चीरते हुए निकल गईं, जबकि एक गोली पेट में लगी। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हमले में स्कॉर्पियो चालक और पीछे बैठे एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की भी सूचना है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में ऑस्ट्रेलियन ग्लॉक पिस्टल का इस्तेमाल किया गया। घटना के समय सुवेंदु अधिकारी गाड़ी में मौजूद नहीं थे। भाजपा ने इस हमले के पीछे सत्तारूढ़ के कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है।
इसी घटना के करीब एक घंटे बाद बशीरहाट जिले में भाजपा कार्यकर्ता रोहित रॉय पर भी फायरिंग की खबर सामने आई। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद से पश्चिम बंगाल में अब तक पांच लोगों की हत्या हो चुकी है। इनमें तीन भाजपा और दो टीएमसी से जुड़े लोगों की जान गई है। राज्य में लगातार बढ़ती हिंसा को लेकर सियासी माहौल गर्माया हुआ है।















