समाचार-गढ़ 21 अक्टूबर, 2026।
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में पति की हत्या कर शव को बक्से में भरकर हाईवे किनारे फेंकने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति के सिर पर सिलबट्टे से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को एक बड़े बक्से में भरकर करीब 15 किलोमीटर दूर उन्नाव-लालगंज हाईवे की सर्विस लेन पर छोड़ दिया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से लोडर का पता लगाया और मामले का खुलासा किया। पुलिस ने महिला, उसके प्रेमी, एक यू-ट्यूबर और लोडर चालक को हिरासत में लिया है।
बक्से में मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच
मामला गंगाघाट क्षेत्र के भातूफार्म निवासी 28 वर्षीय सोनू सविता की हत्या से जुड़ा है। सोनू मजदूरी कर परिवार का गुजारा चलाता था। वह पिछले करीब आठ साल से नेहा नाम की महिला के साथ पति-पत्नी की तरह रह रहा था। बताया गया है कि नेहा अपने पहले पति को छोड़कर सोनू के साथ रहने लगी थी।
पुलिस के मुताबिक, कुछ समय पहले नेहा की नजदीकियां एक अन्य युवक से बढ़ गई थीं। इस बात को लेकर सोनू और नेहा के बीच अक्सर विवाद होता था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर सोनू की हत्या की साजिश रची।
सिलबट्टे से वार कर हत्या करने का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर सोनू के सिर पर सिलबट्टे से वार किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को बड़े बक्से में भर दिया गया। बक्से के ऊपर कंबल और अन्य सामान रखकर उसे सामान्य सामान की तरह ले जाने की तैयारी की गई।
आरोप है कि इसके बाद शुक्लागंज के एक यू-ट्यूबर को बुलाया गया और शव को ठिकाने लगाने में मदद मांगी गई। यू-ट्यूबर ने कथित तौर पर एक लोडर की व्यवस्था की। बक्से को ललऊखेड़ा तक ले जाने के लिए 1,200 रुपये में गाड़ी तय की गई।
15 किलोमीटर दूर हाईवे की सर्विस लेन पर छोड़ा बक्सा
बक्से को लोडर में रखने के लिए दो मजदूरों की मदद ली गई। इसके बाद बक्से को करीब 15 किलोमीटर दूर उन्नाव-लालगंज हाईवे पर ललऊखेड़ा चौकी से लगभग 300 मीटर दूर सर्विस लेन के किनारे उतार दिया गया।
रात करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे बक्सा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। बक्से में शव मिलने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
CCTV फुटेज से खुला हत्या का राज
पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से उस लोडर का पता लगाया, जिसका इस्तेमाल बक्से को ले जाने में किया गया था। इसी सुराग के आधार पर जांच आगे बढ़ी और पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
इस मामले में पुलिस ने महिला नेहा, उसके कथित प्रेमी, मदद करने वाले यू-ट्यूबर और लोडर चालक को हिरासत में लिया है। वहीं, बक्से को लोडर में चढ़ाने में मदद करने वाले मजदूरों की तलाश की जा रही है।
एसपी जयप्रकाश सिंह के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।








