समाचार गढ़ 27 अक्टूबर 2026।
बीकानेर: नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बीकानेर रेंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश के निर्देशन में 26 अक्टूबर को बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों में एक साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान पुलिस की 148 टीमों ने 790 स्थानों पर दबिश दी। अभियान में एनडीपीएस एक्ट के तहत 64 मामले दर्ज किए गए और 66 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही फरार और वांछित आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
बीकानेर जिले में 20 मामले दर्ज, 21 आरोपी गिरफ्तार
बीकानेर जिले में पुलिस ने 125 स्थानों पर दबिश देकर एनडीपीएस एक्ट के तहत 20 मामले दर्ज किए और 21 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा आठ फरार वांछित आरोपियों के संबंध में भी कार्रवाई की गई।
श्रीगंगानगर में 271 जगहों पर छापेमारी
श्रीगंगानगर जिले में पुलिस ने 271 स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान 17 मामले दर्ज किए गए और 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही 11 फरार वांछित आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
हनुमानगढ़ में 22 आरोपी गिरफ्तार
हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने 233 स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 20 मामले दर्ज किए और 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 15 फरार वांछित आरोपियों और दो इनामी आरोपियों के संबंध में भी कार्रवाई की गई।
चूरू में 8 आरोपी गिरफ्तार
चूरू जिले में पुलिस ने 161 स्थानों पर दबिश देकर सात मामले दर्ज किए और आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया। साथ ही तीन फरार वांछित आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
नशे के नेटवर्क पर अंकुश लगाने की तैयारी
महानिरीक्षक पुलिस ओमप्रकाश ने कहा कि बीकानेर रेंज में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी सख्त अभियान जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि नशे के नेटवर्क को खत्म करने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई करेगी।
बीकानेर रेंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या अवैध कारोबार की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।








