समाचार गढ़ 26 नवंबर 2026।
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को फिर से बढ़ावा देने की कोशिशों को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (DGP) नलिन प्रभात ने दावा किया है कि रियासी जिले के 35 आतंकवादी पाकिस्तान में रहकर हिज्बुल मुजाहिदीन के लिए काम कर रहे हैं। ये लोग सीमा पार से जम्मू-कश्मीर में हथियार, गोला-बारूद और पैसा भेजकर आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा देने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस ने इनमें से पांच आतंकवादियों की करीब 28.8 कनाल जमीन भी जब्त की है।
1991 से 2003 के बीच लापता हुए थे 30 आतंकवादी
DGP नलिन प्रभात के मुताबिक, माहोर पुलिस स्टेशन को सूचना मिली थी कि माहोर और चसाना इलाके के करीब 30 आतंकवादी 1991 से 2003 के बीच लापता हो गए थे। जांच के दौरान पता चला कि ये लोग कथित तौर पर पाकिस्तान चले गए थे। वहां उन्होंने हथियार और गोला-बारूद चलाने की ट्रेनिंग ली और इसके बाद भारत विरोधी गतिविधियों में शामिल हो गए।
पुलिस ने करीब दो साल पहले इन कथित आतंकवादियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की थी। अब जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर उनकी गतिविधियों और संपत्तियों पर कार्रवाई की जा रही है।
जमीन बेचकर आतंकवाद के लिए फंड जुटाने की तैयारी
जांच में यह भी सामने आया कि पाकिस्तान में रह रहे ये कथित आतंकवादी अपनी जमीन बेचकर उससे मिलने वाली रकम का इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए करना चाहते थे। पुलिस के अनुसार, इसी आशंका के चलते पांच आतंकवादियों की करीब 28.8 कनाल जमीन जब्त की गई है।
UAPA के तहत संपत्तियों पर कार्रवाई
पुलिस के बयान के मुताबिक, जब्त की गई संपत्तियां गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम यानी UAPA की धारा 2(1)(g)(ii) के तहत आतंकवाद से प्राप्त आय के दायरे में आती हैं। इसी आधार पर इन संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई की गई है।
पुलिस का कहना है कि इस कदम का मकसद आतंकवाद को आर्थिक मदद पहुंचाने वाले स्रोतों पर रोक लगाना है। DGP के खुलासे के बाद अब सुरक्षा एजेंसियों की नजर सीमा पार बैठे उन नेटवर्क पर है, जिनके जरिए जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को फिर से सक्रिय करने की कोशिश की जा रही है।







