समाचार-गढ़ 5 अक्टूबर, 2026।
FSSAI ने फूड सेफ्टी नियमों के उल्लंघन पर बड़ा एक्शन लिया है। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर की एक बैच को जांच में खाने के लिए असुरक्षित पाए जाने के बाद मार्केट से वापस लेने का आदेश दिया है। वहीं, गंभीर हाइजीन और सफाई संबंधी कमियां मिलने पर क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
एवरेस्ट जीरा पाउडर की इस बैच पर कार्रवाई
FSSAI की जांच में एवरेस्ट के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर का सैंपल तय फूड सेफ्टी मानकों पर खरा नहीं उतरा। इसके बाद संबंधित पूरी बैच को मार्केट से वापस लेने का निर्देश दिया गया।
जिस प्रोडक्ट पर कार्रवाई की गई है, उसका बैच नंबर E080668761 है। कंपनी को मार्केट से वापस लिए जा रहे प्रोडक्ट का पूरा रिकॉर्ड रखने और निर्धारित समय के भीतर इससे संबंधित जानकारी और स्टेटस रिपोर्ट जमा करने को कहा गया है।
साथ ही, भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो, इसके लिए जरूरी सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जीरा पाउडर में मिले पेस्टिसाइड के अवशेष
यह सैंपल गोवा के रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलिडे होम्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से लिया गया था। फूड एनालिस्ट की रिपोर्ट में जीरा पाउडर में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम नाम के पेस्टिसाइड के अवशेष निर्धारित सीमा से अधिक पाए गए।
इसके बाद सैंपल को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के तहत अनसेफ घोषित किया गया।
दोबारा जांच में भी सैंपल अनसेफ
फूड एनालिस्ट की रिपोर्ट के खिलाफ कंपनी को अपील का मौका दिया गया। इसके बाद सैंपल को रेफरल फूड लैबोरेटरी भेजा गया।
रेफरल फूड लैबोरेटरी की जांच में भी जीरा पाउडर में एजोक्सीस्ट्रोबिन और थायमेथोक्साम की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई। लैब ने भी सैंपल को अनसेफ घोषित किया।
बेकरी में गंदगी और मक्खियों की समस्या
दूसरी कार्रवाई क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ की गई। FSSAI की जांच में बेकरी के फूड प्रोडक्शन और हैंडलिंग एरिया में कई गंभीर हाइजीन कमियां सामने आईं।
जांच के दौरान गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं। जल्दी खराब होने वाले कच्चे सामान को खुले में रखा गया था। कच्चे और आधे तैयार प्रोडक्ट रखने के लिए जंग लगे और ठीक से साफ नहीं किए गए कंटेनरों का इस्तेमाल किया जा रहा था।
परिसर में कीड़ों की समस्या भी मिली और पेस्ट कंट्रोल की व्यवस्था पर्याप्त नहीं पाई गई।
चूहे और कीड़ों से बचाव की व्यवस्था भी नहीं मिली
जांच में मक्खियों को रोकने के इंतजाम पर्याप्त नहीं पाए गए। चूहों से बचाव के लिए भी उचित व्यवस्था नहीं थी। खिड़कियों और अन्य जगहों पर कीड़ों को रोकने वाली जालियां भी नहीं लगी थीं।
इसके अलावा फूड हैंडलिंग एरिया में कचरा, पुराना स्टॉक, रिजेक्ट किया गया सामान और स्क्रैप भी मिला। कुछ मशीनों पर जंग लगी थी, जबकि दीवारों का पेंट उखड़ा हुआ और परिसर में सीलन की समस्या भी पाई गई। कुछ जगहों पर फर्श की टाइलें टूटी हुई थीं।
रिकॉर्ड और फूड सेफ्टी सिस्टम में भी कमियां
जांच के दौरान फूड सेफ्टी से जुड़े जरूरी रिकॉर्ड और सिस्टम के रखरखाव में भी कमियां पाई गईं। इनमें पानी और तैयार प्रोडक्ट की टेस्टिंग, समय और तापमान की निगरानी, मशीनों की जांच, मेंटेनेंस, मॉक रिकॉल, कस्टमर शिकायत, कर्मचारियों की ट्रेनिंग और ऑडिट रिकॉर्ड शामिल हैं।
इन गंभीर कमियों को देखते हुए FSSAI ने क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स प्राइवेट लिमिटेड का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
सस्पेंशन के दौरान फूड बिजनेस रोकने का निर्देश
FSSAI ने कंपनी को लाइसेंस सस्पेंड रहने की अवधि में सभी फूड बिजनेस गतिविधियां रोकने का निर्देश दिया है।
इस कार्रवाई के जरिए एक तरफ असुरक्षित पाए गए जीरा पाउडर की संबंधित बैच को बाजार से हटाने का आदेश दिया गया है, वहीं दूसरी तरफ गंभीर स्वच्छता कमियों वाली बेकरी के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।








