समाचार गढ़, 28 मई 2025, श्रीडूंगरगढ़। जनसेवा और सुशासन की भावना जब जमीन पर उतरती है, तो परिणाम उम्मीदों से भी बेहतर मिलते हैं। मंगलवार की रात श्रीडूंगरगढ़ उपखण्ड क्षेत्र की ग्राम पंचायत इन्दपालसर सांखलान में उपखण्ड अधिकारी श्रीमती उमा मित्तल द्वारा आयोजित रात्रि चौपाल इसकी एक बेमिसाल मिसाल बनी।
रात्रि चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामवासी शामिल हुए और उन्होंने अपनी जमीनी समस्याएं खुलकर साझा कीं। श्रीमती उमा मित्तल ने न सिर्फ सभी समस्याएं गंभीरता से सुनीं, बल्कि मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से चर्चा कर त्वरित समाधान की दिशा में कदम उठाए।
पेयजल संकट: ग्राम इन्दपालसर राईकान में अवैध ट्यूबवेल कनेक्शनों के कारण पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही थी। इस पर उपखण्ड अधिकारी ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता को तुरंत कार्यवाही के निर्देश दिए।
11 केवी लाइन को गांव से बाहर ले जाने की मांग: इस पर भी विद्युत विभाग को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
कम वोल्टेज की समस्या: मेघवालों का मोहल्ला, इन्दपालसर हिरावतान में वोल्टेज की समस्या के समाधान के लिए अतिरिक्त ट्रांसफॉर्मर लगाने की मांग पर कार्यवाही सुनिश्चित की गई।
पीएम आवास योजना में गलत अंकित नंबर को ठीक करवाने की ग्रामवासी मुनीराम की शिकायत पर विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए।
कच्चे रास्ते की माँग: इन्दपालसर राईकान से धर्मास जाने के लिए रास्ता खुलवाने हेतु तहसीलदार को निर्देशित किया गया।
इसके अलावा पाइप बदलवाने, बिजली के ढीले तारों, खराब पोल, और अन्य जनसमस्याओं पर भी मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों को त्वरित, नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
भीषण गर्मी को देखते हुए, चिकित्सा स्टाफ को निर्देशित किया गया कि वे ओआरएस घोल, आवश्यक मेडिसिन की उपलब्धता सुनिश्चित करें और अलर्ट रहकर जनस्वास्थ्य की जिम्मेदारी निभाएं।
रात्रि चौपाल में उपखण्ड अधिकारी का संवेदनशील व सक्रिय रुख ग्रामीणों में विश्वास और प्रशासन के प्रति सकारात्मक भावना का संचार कर गया। यह चौपाल एक बार फिर साबित कर गई कि जब प्रशासन जनता के बीच होता है, तो समाधान भी तुरंत और असरदार होता है।











