बसंत पंचमी पर विद्यालयों में हुए सांस्कृतिक व धार्मिक आयोजन
समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़।
कस्बे के विभिन्न विद्यालयों में शुक्रवार को बसंत पंचमी का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने मां सरस्वती की आराधना कर विद्या और ज्ञान का आशीर्वाद लिया।
कस्बे की सूर्या पब्लिक स्कूल में बसंत पंचमी के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती भी मनाई गई। संस्था प्रधान मूलचंद स्वामी ने मां सरस्वती पर व्याख्यान प्रस्तुत किया, वहीं छात्राओं द्वारा पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही।

इसी क्रम में जयपुर पब्लिक स्कूल, श्रीडूंगरगढ़ में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विद्यारंभ संस्कार का आयोजन हवन एवं मंत्रोच्चारण के साथ किया गया। नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक कर स्वागत किया गया तथा नियमित विद्यार्थियों ने भी हवन कुंड में आहुति देकर मां सरस्वती का आशीर्वाद प्राप्त किया। विद्यालय निदेशक कुंभाराम घिंटाला एवं मैनेजिंग डायरेक्टर चंद्रमुखी घिंटाला ने पूर्णाहुति कर कार्यक्रम का समापन किया।

वहीं कस्बे के शिशु भारती पब्लिक स्कूल में भी बसंत पंचमी श्रद्धा के साथ मनाई गई। विद्यालय में मां सरस्वती की पूजा-अर्चना कर विद्यार्थियों को शिक्षा, संस्कार और अनुशासन का महत्व बताया गया। कार्यक्रम में शिक्षक-शिक्षिकाओं व विद्यार्थियों की सहभागिता रही। संस्था प्रधान सुभाष सिद्ध बाना ने सभी विद्यार्थियों को बसंत पंचमी की शुभकामनाएं दी।












