समाचार गढ़ 24 नवंबर 2026।
राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजे आने के बाद अब जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। 37 जिला परिषदों में हुए चुनाव के बाद कांग्रेस और भाजपा दोनों ने अपना राजनीतिक गणित बैठाना शुरू कर दिया है। कांग्रेस को 23 जिला परिषदों में पूर्ण बहुमत मिला है, जबकि भाजपा पांच और आरएलपी एक परिषद में बहुमत हासिल कर सकी है। वहीं, आठ जिलों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला। ऐसे में यहां निर्दलीय सदस्यों और क्रॉस वोटिंग की भूमिका निर्णायक हो सकती है। जिला प्रमुख के चुनाव से पहले दोनों पार्टियों ने सदस्यों को अपने पाले में बनाए रखने के लिए रणनीति तेज कर दी है।
बहुमत से कम सीटों वाले जिलों पर भाजपा की नजर
भाजपा भले ही केवल पांच जिला परिषदों में पूर्ण बहुमत हासिल कर पाई हो, लेकिन पार्टी ने 12 से 13 जिलों में जिला प्रमुख बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए उन जिलों पर खास ध्यान दिया जा रहा है, जहां पार्टी बहुमत से दो-तीन सीट पीछे है या निर्दलीय सदस्यों के समर्थन से समीकरण बदल सकता है। संभाग प्रभारियों को अन्य जिलों में समर्थन जुटाने के निर्देश दिए गए हैं। कांग्रेस के उन जिलों में भी सेंध लगाने की कोशिश की जा रही है, जहां पार्टी के भीतर गुटबाजी की स्थिति है।
मैना देवी की गुमशुदगी और अपहरण का मामला गरमाया
बीकानेर जिला परिषद के वार्ड संख्या 9 से निर्वाचित कांग्रेस सदस्य मैना देवी की गुमशुदगी और कथित अपहरण का मामला भी सियासी माहौल में चर्चा का विषय बना हुआ है। उनके पति नेमाराम ने जेएनवीसी थाने में अपहरण की शिकायत दर्ज कराई है। परिवाद में नोखा विधायक सुशीला डूडी, भंवर कूकणा, बिशनाराम सियाग और 10-12 अन्य लोगों पर आरोप लगाए गए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सीआईडी-सीबी सत्यप्रकाश मीणा के अनुसार, मैना देवी की तलाश के लिए चार टीमें गठित की गई हैं। वहीं, सोमवार को राष्ट्रीय सर्व मेघवंश महासभा के बैनर तले लोगों ने कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर मामले में कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस का आरोप- सदस्यों को दिए जा रहे 60-60 लाख के ऑफर
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस वॉररूम में भरतपुर जिला परिषद के कांग्रेस के टिकट पर जीते 18 सदस्यों को मीडिया के सामने पेश किया। उन्होंने दावा किया कि भरतपुर में कांग्रेस के 21 सदस्य जीते हैं, लेकिन भाजपा ने तीन सदस्यों अंजू कुमारी, ओमवती और अशोक साहू को अपने पक्ष में करने के लिए उठा लिया है। डोटासरा के मुताबिक, इन सदस्यों को 60-60 लाख रुपये तक के ऑफर दिए जा रहे हैं।
उन्होंने भाजपा पर पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर सदस्यों को डराने-धमकाने और खरीदने की कोशिश करने का आरोप भी लगाया। डोटासरा ने दावा किया कि तमाम कोशिशों के बावजूद भरतपुर में कांग्रेस का ही जिला प्रमुख बनेगा।
होटल में सदस्यों पर दबाव बनाने का भी आरोप
डोटासरा ने आरोप लगाया कि भरतपुर के कांग्रेस सदस्य पिछले चार-पांच दिनों से चौमूं के एक होटल में ठहरे हुए थे। इस दौरान चौमूं के सीआई, डीएसपी और अन्य पुलिस अधिकारियों ने होटल प्रबंधन और सदस्यों पर दबाव बनाया। उन्होंने डीग जिला परिषद के तीन कांग्रेस सदस्यों को प्रभावित करने की कोशिश का आरोप भी लगाया। डोटासरा के अनुसार, एक बच्ची की हत्या के मामले में दर्ज एफआईआर और उसमें नामजद मौलवी के मुद्दे को लेकर सदस्यों पर दबाव बनाया गया।
भाजपा लगभग सभी जिला परिषदों में उतारेगी प्रत्याशी
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी लगभग सभी जिला परिषदों में अपने उम्मीदवार उतारने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के असंतुष्ट सदस्य भाजपा के समर्थन में आना चाहते हैं। राठौड़ के मुताबिक, पार्टी गठबंधन की संभावनाएं भी तलाश रही है और मंगलवार रात तक ज्यादातर जगहों पर स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
भाजपा ने जिला प्रमुख चुनाव के लिए पार्टी के चुनाव चिह्न संभाग प्रभारियों को सौंप दिए हैं, जिन्हें संबंधित रिटर्निंग अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी की नजर बीकानेर के अलावा भरतपुर, प्रतापगढ़, सलूम्बर और डीग के सियासी समीकरणों पर भी है।
अब जिला प्रमुख के चुनाव में असली मुकाबला सिर्फ बहुमत वाली सीटों पर नहीं, बल्कि उन आठ जिला परिषदों में भी देखने को मिलेगा, जहां निर्दलीय सदस्यों का समर्थन और क्रॉस वोटिंग किसी भी दल का खेल बना या बिगाड़ सकती है।







