समाचार गढ़ 24 नवंबर 2026।
चीन अरुणाचल प्रदेश की सीमा के करीब दुनिया की सबसे बड़ी जलविद्युत परियोजनाओं में से एक पर तेजी से काम कर रहा है। यारलुंग त्सांगपो नदी पर बन रही 60 गीगावाट की मेडोग जलविद्युत परियोजना का निर्माण काफी आगे बढ़ चुका है। इसका खुलासा आईआईटी दिल्ली के FITT में इनक्यूबेट हुए भारतीय जियोस्पेशियल AI स्टार्टअप अर्थसेंस लैब्स के सैटेलाइट इमेजरी विश्लेषण में हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, परियोजना स्थल पर गांवों को हटाया गया है, नदी का रुख मोड़ने की तैयारी दिखाई दे रही है और सीमा के नजदीक बड़े पैमाने पर औद्योगिक ढांचा तैयार किया जा रहा है।
गांव खाली कराए, नदी का रास्ता मोड़ने की तैयारी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अर्थसेंस लैब्स के विश्लेषण में सामने आया कि जुलाई 2025 में प्रस्तावित मुख्य बांध स्थल के आसपास गांव और खेत मौजूद थे। दिसंबर 2025 तक गांव खाली कराए जा चुके थे और खेतों को हटाकर जमीन समतल करने का काम शुरू हो गया था। अगस्त 2026 की सैटेलाइट तस्वीरों में नदी का रुख मोड़ने से जुड़ी गतिविधियां, नई सड़कें, अस्थायी आवास और कार्यालयों का निर्माण दिखाई दिया।
पांच पावर स्टेशन और 40 किलोमीटर लंबी सुरंगें
यह परियोजना दक्षिण-पूर्वी तिब्बत में यारलुंग त्सांगपो नदी के निचले हिस्से पर बनाई जा रही है। इसकी अनुमानित लागत 1.2 ट्रिलियन युआन यानी करीब 168 अरब डॉलर बताई गई है। योजना के तहत पांच कैस्केड पावर स्टेशन बनाए जाने हैं। रिपोर्ट में करीब 40 किलोमीटर लंबी सुरंगों का भी जिक्र है, जिनके जरिए लगभग 50 किलोमीटर के क्षेत्र में नदी की 2,000 मीटर से अधिक की ऊंचाई से गिरावट का इस्तेमाल बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा।
विश्लेषण में चार प्रमुख स्थानों का उल्लेख किया गया है। इनमें मेनलिंग कस्बे के पास मुख्य बांध स्थल, पाई कस्बे के नजदीक एक निचला बांध, नामचा बरवा पर्वत से गुजरने वाली सुरंग और भारत-चीन सीमा के करीब मेडोग काउंटी के आगे सुरंग का निकास शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, सुरंग के निकास वाले क्षेत्र में भी शिलान्यास समारोह से पहले ही निर्माण गतिविधियां शुरू हो चुकी थीं।
भारत के लिए क्यों बढ़ी चिंता?
चीन की यह परियोजना मैकमोहन रेखा के करीब अरुणाचल प्रदेश से लगभग 40 से 50 किलोमीटर उत्तर में स्थित बताई गई है। यारलुंग त्सांगपो नदी भारत में प्रवेश करने के बाद सियांग के नाम से जानी जाती है। ऐसे में चीन की परियोजना का नदी के निचले बहाव पर क्या असर पड़ेगा, यह भारत के लिए अहम चिंता का विषय है।
इसी को ध्यान में रखते हुए भारत ने अरुणाचल प्रदेश में 11,200 मेगावाट की सियांग अपर मल्टीपर्पज प्रोजेक्ट (SUMP) प्रस्तावित की है। इस परियोजना का उद्देश्य चीन की ओर से नदी के बहाव में संभावित बदलावों के असर को कम करना बताया जा रहा है। प्रस्तावित जलाशय में करीब 9.2 बिलियन क्यूबिक मीटर पानी जमा करने की क्षमता का अनुमान है।
चीन के बांध से ज्यादा होगी भारत के जलाशय की क्षमता?
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू के मुताबिक, सियांग जलाशय की भंडारण क्षमता चीन की परियोजना के बताए गए 5.2 बिलियन क्यूबिक मीटर से अधिक होगी। इससे नदी के बहाव को नियंत्रित करने, अचानक पानी छोड़े जाने की स्थिति से निपटने और कम पानी वाले मौसम में उपलब्धता बनाए रखने में मदद मिलने की उम्मीद है।
खांडू ने चीन के साथ बाध्यकारी जल-बंटवारा संधि और पारदर्शी डेटा साझा करने की व्यवस्था नहीं होने को भी बड़ी चुनौती बताया है।
भारत में परियोजना का विरोध भी तेज
दूसरी ओर, सियांग परियोजना को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध बढ़ रहा है। आदि समुदायों ने विस्थापन, जमीन और आजीविका से जुड़ी चिंताएं उठाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को याचिका सौंपी है। पूर्व-व्यवहार्यता सर्वेक्षण को लेकर तनाव बढ़ने के बाद प्रस्तावित स्थल के पास केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की तैनाती भी की गई। अक्टूबर में विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़कने की जानकारी सामने आई थी।
हालांकि, अर्थसेंस लैब्स की रिपोर्ट चीन की परियोजना के निर्माण की गति और पैमाने का विश्लेषण करती है, लेकिन इससे पर्यावरणीय नुकसान या भारत के निचले इलाकों पर पड़ने वाले वास्तविक प्रभाव का सटीक अनुमान नहीं मिलता। रिपोर्ट में बताई गई जगहों को भी सांकेतिक माना गया है और पूरा विश्लेषण सैटेलाइट तस्वीरों पर आधारित है।







