समाचार गढ़ 3 अप्रैल 2026। राज्य में निजी विद्यालयों द्वारा किताबों, यूनिफॉर्म, जूते-टाई आदि के नाम पर की जा रही मनमानी पर शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपना लिया है। प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 15 अप्रैल 2026 से स्कूलों की सघन जांच शुरू की जाए। पहले भी दिशा-निर्देश जारी किए गए थे, लेकिन कई स्कूलों द्वारा उनका पालन नहीं करने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थीं।
15 अप्रैल से होगी सख्त चेकिंग, हर स्कूल आएगा जांच के दायरे में
नए शैक्षणिक सत्र 1 अप्रैल 2026 से शुरू होते ही विभाग ने एक बार फिर सख्ती बढ़ा दी है। प्रत्येक जिले में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में 3 सदस्यीय समितियां गठित की जाएंगी, जो 15 अप्रैल से पहले सभी निजी स्कूलों का निरीक्षण करेंगी। निरीक्षण के दौरान अगर किसी भी प्रकार की अनियमितता या अभिभावकों से जुड़ी शिकायत मिलती है, तो संबंधित विद्यालय के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
नियम तोड़ने वालों पर गिरेगी गाज, 20 अप्रैल तक देनी होगी पूरी रिपोर्ट
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट कर दिया है कि नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूलों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को 20 अप्रैल 2026 तक जांच रिपोर्ट निर्धारित प्रारूप में ई-मेल के जरिए निदेशालय को भेजनी होगी। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर किसी विद्यालय में निर्देशों की अवहेलना पाई गई, तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कदम उठाए जाएंगे।












