समाचार गढ़ 7 नवंबर 2026।
Rajasthan News: राजस्थान के चित्तौड़गढ़ स्थित प्रसिद्ध श्रीसांवलियाजी मंदिर में आस्था का अनोखा उदाहरण देखने को मिला। जालौर जिले के एक श्रद्धालु ने हार्ट की बीमारी से उबरने और ऑपरेशन सफल होने के बाद भगवान सांवलिया सेठ को 21 ग्राम सोने से बना दिल का मॉडल भेंट किया। इस अनोखी भेंट की कीमत 3 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
दरअसल, जालौर निवासी यह श्रद्धालु हार्ट की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। इलाज के दौरान उसने भगवान सांवलिया सेठ से स्वस्थ होने की प्रार्थना की थी। ऑपरेशन सफल होने के बाद श्रद्धालु ने अपनी मन्नत पूरी करने और भगवान के प्रति आभार जताने के लिए सांवलियाजी मंदिर पहुंचकर सोने का दिल अर्पित किया।
21 ग्राम सोने से तैयार किया गया दिल
श्रद्धालु ने चित्तौड़गढ़ जिले के मंडफिया स्थित श्रीसांवलियाजी मंदिर के भेंट कक्ष में 21 ग्राम सोने से बना दिल का मॉडल जमा कराया। मंदिर प्रशासन के अनुसार, इस सोने की भेंट की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये से अधिक है। श्रद्धालु ने भेंट जमा कराने के बाद मंदिर मंडल से इसकी आधिकारिक रसीद भी प्राप्त की।
आम भेंटों से अलग है यह अनोखी पेशकश
आमतौर पर मंदिरों में श्रद्धालु सोने-चांदी के आभूषण, मुकुट, हार और अन्य कीमती वस्तुएं भेंट करते हैं। लेकिन हार्ट के सफल ऑपरेशन के बाद दिल के आकार का सोने का मॉडल चढ़ाना अपने आप में अलग है। बीमारी से राहत मिलने के बाद श्रद्धालु ने इस भेंट के जरिए भगवान सांवलिया सेठ के प्रति अपनी आस्था और कृतज्ञता जताई।








