समाचार गढ़ 22 मई 2026। बीकानेर के बच्छासर गांव में एक हृदयविदारक हादसे में पिता और बेटी की जान चली गई। हादसा खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से हुआ। घटना नाल थाना इलाके की बताई जा रही है। मृतक गोरखाराम मेघवाल अपनी 22 वर्षीय बेटी सुशीला के साथ खेत पर थे। देर रात सुशीला डिग्गी से पानी भरने पहुंची, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में गिर गई। बेटी को बचाने के लिए गोरखाराम बिना देर किए डिग्गी में कूद पड़े, लेकिन दोनों गहरे पानी में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। कुछ देर बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद मौके पर बचाव कार्य शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने दोनों के शव बाहर निकाले। नाल थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिए। गांव के लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खेतों में बनी खुली डिग्गियों के आसपास सुरक्षा इंतजाम अनिवार्य किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।













