IMD का अलर्ट: अगले 12 घंटे में 22 राज्यों में भारी बारिश के आसार, 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं
समाचार गढ़। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 जुलाई को देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले 12 घंटे के दौरान 22 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से अगले सात दिनों के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत, पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में मानसूनी गतिविधियां तेज हो सकती हैं। वहीं, 15 जुलाई को ओडिशा के कुछ इलाकों में अत्यंत भारी बारिश होने की आशंका जताई गई है।
IMD ने 15 से 17 जुलाई के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 15 से 20 जुलाई के दौरान दिल्ली, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, हरियाणा और पंजाब में भी कई स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव, पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और तेज हवाओं के चलते पेड़ व बिजली के खंभे गिरने की आशंका को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
हालांकि, IMD के अनुसार अगले 6 से 7 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, पश्चिम-मध्य भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत कमजोर रह सकती हैं।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, बिजली गिरने के समय खुले स्थानों पर न रुकने और स्थानीय प्रशासन व IMD द्वारा जारी ताजा मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।









