समाचार-गढ़ 12 अगस्त, 2026।
नई दिल्ली: भारतीय रेलवे ने बांग्लादेश रेलवे के लिए 19 पैसेंजर कोच तैयार किए हैं। पंजाब के कपूरथला स्थित रेल कोच फैक्ट्री (RCF) में बने इन डिब्बों को बुधवार को बांग्लादेश के लिए रवाना किया जा रहा है। यह ट्रेन ब्रॉड गेज ट्रैक पर चलने के लिए तैयार की गई है।
ट्रेन में AC और नॉन-AC दोनों कोच
19 कोच के इस रेक में 3 AC स्लीपर, 3 AC चेयर कार और 11 नॉन-AC चेयर कार शामिल हैं। इनके अलावा ट्रेन के आगे और पीछे लगाने के लिए 2 गार्ड-कम-पावर कार भी हैं।
200 कोच का मिला है ऑर्डर
इन कोचों की आपूर्ति रेल मंत्रालय के उपक्रम RITES के जरिए की जा रही है। कंपनी को बांग्लादेश रेलवे से कुल 200 कोचों का ऑर्डर मिला है। यह ठेका मई 2024 में यूरोपीय इन्वेस्टमेंट बैंक की ग्लोबल प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिए मिला था।
भारत पहले भी कर चुका है रेल एक्सपोर्ट
भारत इससे पहले भी बांग्लादेश को रेलवे उपकरण और कोच सप्लाई कर चुका है। 2015-16 में 120 ब्रॉड गेज पैसेंजर कोच भेजे गए थे। इसके अलावा RITES बांग्लादेश को ब्रॉड गेज के 36 इंजन और मीटर गेज के 10 इंजन भी निर्यात कर चुकी है।
भारत बांग्लादेश के अलावा श्रीलंका, ऑस्ट्रेलिया, मोजाम्बिक और सेनेगल समेत कई देशों को रेल से जुड़े उपकरण और तकनीक निर्यात करता है।









