समाचार-गढ़ 31 अगस्त, 2026।
नई दिल्ली: चलती स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 4 अगस्त की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी पुलिस ने 31 अगस्त को दी। पुलिस के मुताबिक, छात्रा ग्रेटर नोएडा के परी चौक से बस में सवार हुई थी और आरोप है कि ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। करीब 47 किलोमीटर चलने के बाद छात्रा को कश्मीरी गेट के पास उतार दिया गया।
पुलिस ने मामले में बस ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को गिरफ्तार किया है। घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस को भी जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।
घर में झगड़े के बाद निकली थी छात्रा
पुलिस के अनुसार, पीड़िता उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली और 11वीं कक्षा की छात्रा है। परिवार में विवाद के बाद वह बिना बताए नोएडा में अपनी कजिन के घर जाने के लिए निकल गई थी।
बारिश और अंधेरे में परी चौक पर उतरी
भारी बारिश और अंधेरे के कारण छात्रा गलती से ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। नोएडा जाने के लिए वाहन का इंतजार करते समय एक खाली स्लीपर बस वहां से गुजरी। छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया।
ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बस में बैठा लिया और बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है।
बस चलने के बाद सामने आया आरोप
पुलिस के मुताबिक, बस चलने के कुछ समय बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत करने की कोशिश की। छात्रा का आरोप है कि इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ दुष्कर्म किया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।
बस के शीशों पर पर्दे लगे हुए थे, जिससे बाहर से अंदर का दृश्य दिखाई नहीं देता था।
कश्मीरी गेट के पास छोड़कर हुए फरार
आरोप है कि दोनों ने देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया और वहां से फरार हो गए। छात्रा ने रात में ही पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बस और उसके रूट का पता लगाने के लिए रास्ते में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के बाद पुलिस ने ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप को तिमारपुर की एक बस पार्किंग से गिरफ्तार किया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस भी जब्त कर ली है और उसकी फोरेंसिक जांच की जा रही है।
मरम्मत के बाद खाली बस लेकर लौट रहे थे आरोपी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, घटना वाले दिन बस में खराबी आने के बाद दोनों आरोपी उसे मरम्मत के लिए सूरजपुर की एक वर्कशॉप में लेकर गए थे। मरम्मत के बाद वे खाली बस को तिमारपुर ले जा रहे थे।
इसी दौरान परी चौक पर छात्रा ने बस को रुकने का इशारा किया और वह उसमें सवार हो गई।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।










