समाचार गढ़ 16 नवंबर 2026।
पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं में अपनी मेहनत की कमाई जमा करने वाले लोगों के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। लोग सालों तक डाकघर में पैसे जमा करवाते रहे, लेकिन जब रकम निकालने या पॉलिसी की मैच्योरिटी का समय आया तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। जांच में पता चला कि कई खातों जमा की हुई कोई रकम थी ही नहीं। यंहा तक की, कुछ लोगों के तो खाते तक खोले हुए नहीं थे। मामले में अब तक दो दर्जन से अधिक लोगों की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। पुलिस ने इस कथित घोटाले में डाकघर के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है।
मामला कानपुर के घाटमपुर उपडाकघर का है। यहां डाक सहायक शिवम सचान और तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा पर अलग-अलग बचत योजनाओं के तहत लोगों से जमा कराई गई रकम के गबन का आरोप है। विभागीय जांच में दोनों की भूमिका सामने आने के बाद घाटमपुर थाने में दो एफआईआर दर्ज कराई गई। पुलिस ने रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सालों तक जमा कराते रहे पैसा, मैच्योरिटी पर खुली पोल
इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि लोग लंबे समय से पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाओं में अपनी रकम जमा करा रहे थे। उन्हें भरोसा था कि तय समय पूरा होने पर उन्हें ब्याज समेत पैसा वापस मिल जाएगा। लेकिन जब मैच्योरिटी के बाद भुगतान की बारी आई तो खातों में जमा रकम का रिकॉर्ड ही नहीं मिला। कुछ मामलों में तो खाताधारकों को पता चला कि उनके नाम से डाकघर में खाता तक नहीं खोला गया था।
अब तक दो दर्जन से ज्यादा लोगों की आधिकारिक शिकायतें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में आशंका है कि इस कथित घोटाले का दायरा और बड़ा हो सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि लोगों से ली गई रकम वास्तव में विभागीय खातों में जमा कराई गई थी या नहीं।
एक कर्मचारी की यूजर आईडी से निकली रकम, दूसरे ने किया सत्यापन
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल के मुताबिक, विभागीय जांच में करोड़ों रुपए की अनियमितता सामने आई है। जांच में पता चला कि खातों से रकम निकालने के लिए डाक सहायक शिवम सचान की यूजर आईडी का इस्तेमाल किया गया, जबकि लेनदेन के सत्यापन के लिए तत्कालीन कार्यवाहक उपडाकपाल राकेश कुमार मिश्रा की सुपरवाइजरी यूजर आईडी का उपयोग हुआ।
आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने अपने पद और विभागीय अधिकारों का दुरुपयोग करते हुए खातों से रकम निकाली। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस तरीके से कितने खाताधारकों की बचत को नुकसान पहुंचाया गया।
दिवंगत दंपती के खाते से भी निकाले 7.13 लाख रुपए
मामले की जांच आकांक्षा चौरसिया की शिकायत के बाद शुरू हुई थी। उन्होंने अपने दिवंगत माता-पिता जितेंद्र कुमार चौरसिया और अर्चना चौरसिया के संयुक्त बचत खाते से उनकी मृत्यु के बाद रकम निकाले जाने की शिकायत की थी।
जांच में सामने आया कि 23 जनवरी 2025 को खाते से 4.15 लाख रुपए और 28 मई 2025 को 2.98 लाख रुपए निकाले गए। इस तरह कुल 7.13 लाख रुपए की निकासी हुई। रिकॉर्ड की जांच में इन लेनदेन के लिए दोनों गिरफ्तार कर्मचारियों की यूजर आईडी का इस्तेमाल सामने आया।
विभागीय जांच के बाद दोनों कर्मचारी हुए थे सस्पेंड
डाक विभाग की आंतरिक जांच में दोनों कर्मचारियों की भूमिका सामने आने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया था। इसके बाद कार्यालय अधीक्षक रवि कुमार ने घाटमपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने मामले की जांच की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि अब तक कितने लोगों की रकम का गबन हुआ है और इस कथित घोटाले में कुल कितने करोड़ रुपए की हेराफेरी की गई है।







