समाचार गढ़ 15 नवंबर 2026।
अंतरराष्ट्रीय पुष्कर पशु मेले में इस बार एक खास ऊंट अपनी शाही साज-सज्जा और कीमत को लेकर चर्चा में है। इस ऊंट के गले में 35 तोला चांदी का मंडलिया ताबीज पहनाया गया है। शानदार कद-काठी और शाही अंदाज वाले इस ऊंट को देखने के लिए मेले में लोगों की भीड़ जुट रही है। खास बात यह है कि इसकी बोली अब तक 3.15 लाख रुपए तक पहुंच चुकी है।
दरअसल, कुचामन सिटी के इंदोखा गांव निवासी पशुपालक राजेंद्र सिंह राठौड़ अपने छह साल के बीकानेरी नस्ल के ऊंट को लेकर पुष्कर मेले में पहुंचे हैं। राजेंद्र सिंह पिछले करीब 40 साल से ऊंट पालन और खरीद-बिक्री के कारोबार से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि करीब तीन साल पहले इस ऊंट को दो लाख रुपए में खरीदा था। सात फीट से अधिक लंबाई और आकर्षक बनावट वाला यह ऊंट अब मेले में लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
35 तोला चांदी का ताबीज बना खास पहचान
राजेंद्र सिंह ने अपने इस खास ऊंट को अलग पहचान देने के लिए इसके गले में 35 तोला चांदी का मंडलिया ताबीज पहनाया है। इसकी शाही सजावट और शानदार कद-काठी देखकर मेले में आने वाले लोग भी हैरान हैं। पशुपालक के मुताबिक, ऊंट की कीमत को लेकर अब तक 3.15 लाख रुपए तक की बोली लग चुकी है।
1.30 लाख रुपए की खास ऊंटगाड़ी से पहुंचे मेला
अपने ऊंट को लेकर पुष्कर पहुंचने के लिए राजेंद्र सिंह ने करीब 1 लाख 30 हजार रुपए खर्च कर विशेष ऊंटगाड़ी तैयार करवाई है। इसी गाड़ी के जरिए वे कुचामन से पुष्कर तक पहुंचे हैं। उनका कहना है कि इस ऊंट को मेले में लाने का मकसद सिर्फ इसकी बिक्री करना नहीं, बल्कि इसकी नस्ल और खूबसूरती को लोगों के सामने प्रदर्शित करना भी है।
40 साल से ऊंट पालन से जुड़े हैं राजेंद्र सिंह
राजेंद्र सिंह पिछले चार दशकों से ऊंट पालने और खरीदने-बेचने का काम कर रहे हैं। उन्हें ऊंटों का खास शौक है और वे हर साल पुष्कर मेले में अपने पशुओं के साथ पहुंचते हैं। उनका मानना है कि ऊंट राजस्थान की पहचान और ग्रामीण संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। बदलते समय में ऊंटों की संख्या और उनके पालन को लेकर कई चुनौतियां सामने आ रही हैं। ऐसे में इनके संरक्षण के लिए पशुपालकों को प्रोत्साहित करना जरूरी है।
पुष्कर मेले में इस बार करोड़ों रुपए के घोड़ों और अलग-अलग नस्लों के पशुओं के बीच 35 तोला चांदी का ताबीज पहने यह ऊंट भी लोगों के आकर्षण का बड़ा केंद्र बना हुआ है।







