समाचार गढ़ 16 नवंबर 2026।
राजस्थान के धौलपुर जिले की बरौली ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव से पहले हुई हिंसा और युवक की हत्या का असर मतदान पर भी देखने को मिला। रविवार रात हुई फायरिंग और आगजनी की घटना के बाद गांव में ऐसा डर फैला कि सोमवार सुबह पोलिंग बूथ पर एक भी मतदाता वोट डालने नहीं पहुंचा। सुबह 11 बजे तक मतदान केंद्र पर सन्नाटा पसरा रहा, जिसके चलते मतदान प्रक्रिया रोकनी पड़ी।
हालांकि, प्रशासन की ओर से मृतक पक्ष के लोगों से बातचीत करने और मतदान में शामिल होने पर सहमति बनने के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू कराने की तैयारी की गई, लेकिन दोपहर 12 बजे तक भी मतदान शुरू नहीं हो सका।
दरअसल, रविवार देर रात सरपंच प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया था। देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और फायरिंग शुरू हो गई। इस दौरान पीतम पुत्र कल्याण को गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरे पक्ष का रिंकू घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव फैल गया और गुस्साए लोगों ने रिंकू पक्ष के घरों पर हमला कर आगजनी कर दी।
मुख्य आरोपी समेत 10 लोग डिटेन
धौलपुर एसपी विकास सांगवान के मुताबिक, हत्या के मामले में मुख्य आरोपी रिंकू को डिटेन कर लिया गया है। उसके पैर में चोट लगी है और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षा के लिए अस्पताल में पुलिस गार्ड तैनात किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत अब तक 10 लोगों को डिटेन किया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
सोमवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं, घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी विकास सांगवान खुद रातभर गांव में मौजूद रहे। वे सोमवार सुबह करीब 5 बजे तक गांव में कैंप करते रहे। फिलहाल गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
3 भाइयों में सबसे छोटा था पीतम
मृतक पीतम तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाइयों के नाम खुशीलाल और श्याम सिंह हैं। पीतम अविवाहित था और अपने भाइयों के साथ खेती-बाड़ी करता था।
वहीं, घायल रिंकू के भाई की पत्नी रजनी गांव की निवर्तमान सरपंच हैं। इस बार सरपंच पद की सीट सामान्य महिला के लिए आरक्षित है और रजनी फिर से चुनाव मैदान में हैं। ऐसे में चुनावी मुकाबले के बीच दोनों पक्षों का विवाद हिंसक हो गया।
बाजार जाते समय पीतम को घेरा
जानकारी के अनुसार, पीतम रविवार रात बाजार में सामान लेने जा रहा था। इसी दौरान सरपंच प्रत्याशी के परिजनों समेत करीब 20 से ज्यादा लोगों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच फायरिंग हुई और गोली लगने से पीतम गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन और ग्रामीण उसे सरमथुरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने दूसरे पक्ष के घरों पर हमला कर आग लगा दी, जिसमें रिंकू घायल हो गया।
घटना की सूचना पर सरमथुरा सीओ दुलीचंद गुर्जर सहित सरमथुरा, आंगई और नादनपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आग पर काबू पाया और हालात संभाले। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस की विशेष टीमें रातभर दबिश देकर आरोपियों की तलाश में जुटी रहीं।







