समाचार गढ़ 13 नवंबर 2026।
पाकिस्तान में सुरक्षा बलों पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले में एक मिलिट्री कैंप को निशाना बनाया गया है। यहां बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी (BLA) के आत्मघाती हमलावर ने विस्फोटकों से भरे ट्रक को कैंप के पास ले जाकर जोरदार धमाका कर दिया। इसके बाद हथियारों से लैस दूसरे लड़ाकों ने भी हमला बोल दिया। BLA ने इस हमले में 18 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। हालांकि, पाकिस्तानी पुलिस ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है और हमले को नाकाम करने की बात कही है।
विस्फोटकों से भरे ट्रक से किया हमला
यह हमला बलूचिस्तान के मस्तुंग जिले के कनक इलाके में हुआ। BLA के मुताबिक, एक आत्मघाती हमलावर विस्फोटकों से भरा वाहन लेकर मिलिट्री कैंप पहुंचा और उसे टक्कर मारकर धमाका कर दिया। विस्फोट इतना जोरदार था कि कैंप की इमारत को भारी नुकसान पहुंचा। इसके बाद संगठन के दूसरे लड़ाकों ने आसपास की सुरक्षा चौकियों पर गोलीबारी शुरू कर दी।
BLA ने जारी किया हमले का वीडियो
हमले के बाद BLA ने इसका एक वीडियो भी जारी किया है। इसमें विस्फोटकों से भरा वाहन कैंप की तरफ बढ़ता दिखाई देता है और कुछ ही देर बाद जोरदार धमाका होता है। संगठन ने दावा किया कि इस हमले में 18 से ज्यादा पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और कई घायल हुए हैं।
BLA ने बताया कि हमले को उसकी फिदायीन शाखा मजीद ब्रिगेड और फतेह स्क्वाड ने मिलकर अंजाम दिया। आत्मघाती हमलावर की पहचान ओसामा शाहवानी उर्फ वद्दू के रूप में बताई गई है।
पाकिस्तानी पुलिस ने किया अलग दावा
दूसरी तरफ बलूचिस्तान पुलिस ने हमले को नाकाम करने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, आतंकियों ने विस्फोटकों से लदे वाहन को सुरक्षा चौकी से टकराने की कोशिश की, लेकिन फ्रंटियर्स कॉर्प्स के जवानों ने समय रहते कार्रवाई की। जवाबी गोलीबारी में BLA के तीन लड़ाके मारे गए।
पुलिस ने बताया कि धमाके से आसपास के रिहायशी मकानों और एक मस्जिद को भी नुकसान पहुंचा है। इस घटना में दो स्थानीय नागरिकों की मौत हुई, जबकि 16 लोग घायल हुए हैं। हालांकि, पुलिस ने पाकिस्तानी सैनिकों की मौत को लेकर कोई आंकड़ा जारी नहीं किया है। ऐसे में BLA के 18 से ज्यादा सैनिकों के मारे जाने के दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
दो दिन में पाकिस्तान पर दूसरा बड़ा हमला
मस्तुंग का यह हमला पाकिस्तान में दो दिनों के भीतर सुरक्षा बलों पर हुआ दूसरा बड़ा हमला है। इससे पहले खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पुलिस टीम को निशाना बनाया गया था। इस हमले में डीसीपी समेत 11 पुलिसकर्मियों की मौत हुई थी। पुलिसकर्मी अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई के लिए जा रहे थे, तभी उन पर हमला हुआ।
इस हमले की जिम्मेदारी तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने ली थी। वहीं, केपी पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में TTP के 18 चरमपंथियों को मार गिराने का दावा किया था।
लगातार हो रहे इन हमलों ने पाकिस्तान की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में सुरक्षा बलों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है।







