“गांवों में बैठे किसान को कमजोर ना समझे प्रशासन, भुगतने होंगे गंभीर परिणाम” — भाकियू जिला अध्यक्ष पूनम चंद नैन
समाचार गढ़ 4 अगस्त 2025 श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस प्रशासन की कथित तानाशाही के खिलाफ ग्रामीणों और किसानों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। मंगलवार को भारतीय किसान यूनियन के बीकानेर जिला अध्यक्ष पूनम चंद जी नैन के नेतृत्व में ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमान कावेन्द्र सागर (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमान सौरव तिवारी से मिला।

प्रतिनिधिमंडल ने श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी की तानाशाही रवैये और कितासर गांव के निर्दोष युवाओं के साथ हुई मारपीट जैसी घटनाओं की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। साथ ही थानाधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने की भी मांग की गई।

पूनम चंद नैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “सत्ता और प्रशासन गांवों में बैठे किसान को कमजोर समझने की भूल ना करे, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।” उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार किसानों के सम्मान और स्वाभिमान के साथ सकारात्मक और सौहार्दपूर्ण नहीं होना, संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो किसान वर्ग सड़कों पर उतरने को मजबूर होगा।











