समाचार गढ़ 19 नवंबर 2026।
राजस्थान में पंचायत चुनाव के नतीजों के बाद एक अनोखी मन्नत और आस्था की कहानी सामने आई है। चित्तौड़गढ़ की रोलाहेड़ा ग्राम पंचायत में सरपंच का चुनाव जीतने वाली 55 वर्षीय रतनी देवी जाट ने अपनी मन्नत पूरी होने पर सांवलिया सेठ के दरबार में चांदी का कटहल चढ़ाया। खास बात यह है कि चुनाव में रतनी देवी को कटहल चुनाव चिन्ह मिला था और उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी को 1265 वोटों के बड़े अंतर से हराकर जीत दर्ज की।
दरअसल, पंचायत चुनाव से पहले रतनी देवी और उनके परिवार ने भगवान सांवलिया सेठ के दरबार में मन्नत मांगी थी। परिवार ने संकल्प लिया था कि अगर रतनी देवी सरपंच का चुनाव जीतती हैं तो उन्हें जिस चुनाव चिन्ह पर जीत मिलेगी, उसी का चांदी से बना प्रतिरूप भगवान को अर्पित किया जाएगा। चुनाव में कटहल का चुनाव चिन्ह मिलने के बाद उनकी जीत हुई तो परिवार ने अपना संकल्प पूरा किया।
1265 वोटों से मिली शानदार जीत
रोलाहेड़ा ग्राम पंचायत में पंचायत राज चुनाव के तीसरे चरण में 5 नवंबर को मतदान हुआ था। मतगणना में रतनी देवी जाट को कुल 1521 वोट मिले, जबकि उनके सामने चुनाव लड़ रहे सत्तू जाट को सिर्फ 256 वोट ही मिल सके। इस तरह रतनी देवी ने 1265 वोटों के अंतर से जीत हासिल की।
जीत के बाद रतनी देवी अपने परिवार और ग्रामीणों के साथ पदयात्रा करते हुए सांवलिया सेठ के मंदिर पहुंचीं। यहां उन्होंने चांदी से तैयार करवाया गया कटहल भगवान के चरणों में अर्पित किया। इस दौरान परिवार के लिए चुनावी जीत के साथ अपनी मन्नत पूरी होने की खुशी भी खास रही।
ओबीसी महिला सीट आरक्षित होने पर लड़ा चुनाव
रतनी देवी के बेटे किशन जाट के मुताबिक, इस बार ग्राम पंचायत में सरपंच का पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित हुआ था। इसके बाद परिवार ने रतनी देवी को चुनाव लड़ाने का फैसला किया। परिवार में इससे पहले किसी ने भी सरपंच पद का चुनाव नहीं लड़ा था।
किशन जाट ने बताया कि रतनी देवी लंबे समय से गांव के सामाजिक कार्यों से जुड़ी रही हैं और ग्रामीणों के बीच उनकी अच्छी पहचान है। इसी भरोसे के साथ परिवार ने उन्हें चुनाव मैदान में उतारा था।
अब गांव के विकास की जिम्मेदारी
चुनाव जीतने और सांवलिया सेठ के दरबार में मन्नत पूरी करने के बाद अब रतनी देवी के सामने गांव के विकास की जिम्मेदारी है। ग्रामीणों ने जिस भरोसे के साथ उन्हें अपना सरपंच चुना है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता होगी। परिवार का कहना है कि गांव की समस्याओं का समाधान करना और विकास कार्यों को आगे बढ़ाना उनका लक्ष्य रहेगा।
फिलहाल चांदी का कटहल चढ़ाने की यह अनोखी कहानी इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।







