धीरदेसर पुरोहितान निवासी नितिश मेहरा ने दिल्ली साहित्य महोत्सव में दी कालजयी ग़ज़लों की भावपूर्ण प्रस्तुति
समाचार गढ़, श्रीडूंगरगढ़। धीरदेसर पुरोहितान निवासी युवा ग़ज़ल गायक नितिश मेहरा ने राजधानी दिल्ली में आयोजित दिल्ली साहित्य महोत्सव के दौरान जनपथ बिल्डिंग स्थित उन्मुक्त रंगभूमि पर जगजीत सिंह की जन्म जयंती के अवसर पर ग़ज़लों की सुमधुर प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में उन्होंने महान ग़ज़ल गायक जगजीत सिंह की अमर रचनाओं को अपनी आवाज़ में प्रस्तुत कर श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
नितिश मेहरा ने मंच से “मेरा गीत अमर कर दो”, “होशवालो को खबर क्या”, “वो काग़ज़ की कश्ती” सहित कई लोकप्रिय और कालजयी ग़ज़लों की प्रस्तुति दी। उनकी भावपूर्ण गायकी और सधी हुई प्रस्तुति ने दर्शकों को पुराने यादगार गीतों की दुनिया में पहुँचा दिया। उपस्थित श्रोताओं और साहित्य प्रेमियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनकी प्रस्तुति की खूब सराहना की।
कार्यक्रम में साहित्य, संगीत और कला जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। नितिश मेहरा ने कहा कि जगजीत सिंह की ग़ज़लें भारतीय संगीत धरोहर का अमूल्य हिस्सा हैं और उन्हें प्रस्तुत करना उनके लिए गर्व की बात है।











