समाचार गढ़ 30 मार्च 2026। बीकानेर में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई। यह हादसा नापासर थाना क्षेत्र के मुंडसर गांव के पास हुआ, जहां रामसर निवासी गोपाल और रामजस अपनी बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे दोनों की मौके पर ही गंभीर हालत हो गई।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। घायल दोनों युवकों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस के अनुसार, दोनों मुंडसर गांव की ओर जा रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई।
एएसआई कविंद्र कुमार ने बताया कि दोनों शवों को नापासर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई।
इधर हादसे से नाराज ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। पूर्व सरपंच गोविंद राम मुंड और धर्मपाल मुंड के नेतृत्व में लोगों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं।










