बीकानेर, 8 नवंबर 2025। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा को लेकर बैठक आयोजित हुई। बैठक में कलेक्टर ने ओवरलोड वाहनों और मॉडिफाई गाड़ियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि सड़कों पर बिना अनुमति किए गए अवैध कट बंद किए जाएंगे।
कलेक्टर ने बताया कि जिले के सभी ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर वहां एक सप्ताह के भीतर सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि जहां पार्किंग व्यवस्था नहीं है, वहां शीघ्र पार्किंग की सुविधा विकसित की जाए ताकि यातायात सुचारू रहे।
वृष्णि ने बेसहारा पशुओं से हो रही दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए गायों के गले में रिफ्लेक्टर पट्टियां लगाने और निराश्रित पशुओं को गौशालाओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस, परिवहन विभाग और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।











