आज ‘अर्थ ऑवर’: रात 8:30 से 9:30 बजे तक बंद रहेंगी अनावश्यक लाइटें
समाचार गढ 28 मार्च 2026। ऊर्जा संरक्षण और बिजली की बचत को बढ़ावा देने के लिए आज, शनिवार को ‘अर्थ ऑवर’ मनाया जाएगा। इस दौरान रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक एक घंटे के लिए अनावश्यक लाइटें बंद रखी जाएंगी। सरकारी और निजी संस्थानों के साथ आम लोगों से भी इस पहल में शामिल होकर बिजली बचाने की अपील की गई है, ताकि ऊर्जा के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया जा सके।
राजस्थान राज्य विद्युत प्रसारण निगम लिमिटेड ने अपने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र में आने वाले निगम के सभी भवनों में इस एक घंटे के दौरान अनावश्यक लाइटें बंद रखें। साथ ही यह भी कहा गया है कि जहां जरूरत न हो, वहां बिजली का उपयोग पूरी तरह रोका जाए और कर्मचारियों को भी इस अभियान में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।
क्या है अर्थ ऑवर
अर्थ ऑवर एक वैश्विक अभियान है, जिसमें लोगों से अपील की जाती है कि वे साल में एक दिन, एक घंटे के लिए अपने घरों, ऑफिस और सार्वजनिक स्थानों की गैर-जरूरी लाइटें और बिजली उपकरण बंद रखें। इसका मकसद सिर्फ एक घंटे की बचत नहीं, बल्कि लोगों को यह समझाना है कि रोजमर्रा की जिंदगी में भी बिजली का सही उपयोग कर ऊर्जा बचाई जा सकती है। इस पहल के जरिए पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसे मुद्दों पर भी जागरूकता बढ़ाने की कोशिश की जाती है।










