समाचार गढ़ 13 जून 2026। असम के जोरहाट एयरबेस पर भारतीय वायुसेना का An-32 परिवहन विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में वायुसेना के पांच सैन्य कर्मी शहीद हो गए, जबकि विमान के को-पायलट गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद सुरक्षित बच गए हैं। उनका अस्पताल में उपचार जारी है।
वायुसेना द्वारा जारी जानकारी के अनुसार हादसे में स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ्लाइट लेफ्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने अपने प्राणों की आहुति दी। देश की सेवा में शहीद हुए इन जवानों को भारतीय वायुसेना ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए भारतीय वायुसेना ने कोर्ट ऑफ इंक्वायरी के आदेश दिए हैं। प्रारंभिक जांच में विमान में तकनीकी खराबी, इंजन फेलियर या मौसम संबंधी कारणों सहित सभी संभावित पहलुओं की जांच की जाएगी।
वायुसेना के अधिकारियों के अनुसार हादसे की उच्चस्तरीय जांच शुरू कर दी गई है। दुर्घटना के समय कॉकपिट में मौजूद को-पायलट का बयान भी जांच में अहम माना जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
भारतीय वायुसेना ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा बल शहीद सैन्य कर्मियों के परिवारों के साथ खड़ा है और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।










