समाचार गढ़ 14 जून 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने यूरोप दौरे की शुरुआत फ्रांस के शहर नीस से की। इस दौरान उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका यह दौरा भारत और यूरोप के प्रमुख साझेदार देशों के साथ संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।
नीस में आयोजित ‘भारत इनोवेट्स’ सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने भारत, फ्रांस और अन्य देशों के निवेशकों तथा वेंचर कैपिटल क्षेत्र के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर नवाचार, निवेश और तकनीकी सहयोग के अवसरों पर चर्चा की। यह कार्यक्रम स्टार्टअप, निवेश और टेक्नोलॉजी क्षेत्र के प्रमुख खिलाड़ियों को एक मंच पर लाकर नई साझेदारियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि वह राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ मुलाकात और कार्यक्रम के उद्घाटन को लेकर उत्साहित हैं। फ्रांस दौरे के दौरान वे नीस के अलावा एवियन और पेरिस में भी विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। फ्रांस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री स्लोवाकिया का दौरा करेंगे, जहां वे द्विपक्षीय और बहुपक्षीय बैठकों में हिस्सा लेकर भारत के वैश्विक सहयोग को और विस्तार देने का प्रयास करेंगे।









