शेयर बाजार में जोरदार तेजी, सेंसेक्स 965 अंक उछला; निवेशकों की संपत्ति ₹81,698 करोड़ बढ़ी
समाचार गढ़। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स 964.58 अंक की छलांग लगाकर 78,151.45 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 261.55 अंक चढ़कर 24,334.30 के स्तर पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 78,282.55 और निफ्टी ने 24,367.30 का इंट्राडे हाई भी छुआ।
बाजार में आई इस तेजी से BSE में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹81,697.82 करोड़ बढ़कर ₹4,80,92,210.60 करोड़ हो गया। वहीं, भारतीय रुपया भी मजबूत हुआ और 14 पैसे की बढ़त के साथ 96.28 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।
इस रैली में आईटी, बैंकिंग, ऑटो, रियल्टी और रिलायंस इंडस्ट्रीज व जियो फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों ने सबसे अहम भूमिका निभाई। तिमाही नतीजों से पहले बैंकिंग शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली, जिससे निफ्टी बैंक 939 अंक (1.5%) उछलकर 58,521 पर बंद हुआ। साप्ताहिक आधार पर भी बैंकिंग इंडेक्स करीब 1% मजबूत रहा।
पहली तिमाही (Q1) के नतीजों का असर कई शेयरों पर देखने को मिला। मजबूत नतीजों के दम पर टेक महिंद्रा करीब 5% चढ़कर निफ्टी का सबसे बड़ा गेनर रहा, जबकि जियो फाइनेंशियल सर्विसेज में 3% से अधिक की तेजी दर्ज हुई। रियल्टी सेक्टर में DLF और प्रेस्टीज एस्टेट्स करीब 3-3% मजबूत हुए, वहीं भारत फोर्ज के शेयर भी लगभग 4% चढ़े।
हालांकि, कुछ शेयरों में दबाव भी देखने को मिला। पॉलीकैब के शेयर सकारात्मक प्रबंधन टिप्पणी के बावजूद करीब 4% टूट गए। इसके अलावा KEI इंडस्ट्रीज और BSE लिमिटेड के शेयरों में भी गिरावट दर्ज की गई।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि मजबूत तिमाही नतीजों की उम्मीद, बैंकिंग शेयरों में खरीदारी और चुनिंदा सेक्टरों में निवेशकों की बढ़ती दिलचस्पी ने शुक्रवार की इस तेज रैली को मजबूती दी।









