समाचार गढ़, 4 अगस्त 2026, श्रीडूंगरगढ़। ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती। आदर्श स्कूल, गुसाईंसर बड़ा के विद्यार्थियों ने कृषि प्रवेश परीक्षा JET, CUET और Ag से जुड़े प्रवेश परिणामों में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय के पहले ही सत्र में कक्षा 12वीं के पांच विद्यार्थियों का JET में चयन हुआ है, जिसे विद्यालय की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
विद्यालय की छात्रा सलोनी शर्मा, पुत्री प्रभुदयाल शर्मा ने HC श्रेणी में बीकानेर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 40 हासिल की है। इस उपलब्धि के साथ उनका देश के प्रतिष्ठित कृषि महाविद्यालय में चयन सुनिश्चित हुआ है। इसके अलावा ममता नायक (पुत्री जुगलाराम नायक), मनीषा (पुत्री श्याम सुंदर तावणिया), राजकुमार (पुत्र भंवरलाल गोदारा) और जयकिशन (पुत्र मुखराम तरड़) का भी JET में चयन हुआ है। इनमें से कई विद्यार्थियों का CUET में भी चयन हुआ है।
विद्यालय प्रबंधन ने इसे ग्रामीण शिक्षा के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को बधाई दी है। विद्यालय का कहना है कि कठिन परिश्रम, नियमित मार्गदर्शन और दृढ़ संकल्प के बल पर ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी बड़े संस्थानों के छात्रों से बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। इस सफलता से क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नई प्रेरणा मिलेगी।










