समाचार-गढ़ 14 अगस्त, 2026।
मुंबई: स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले शुक्रवार, 14 अगस्त को घरेलू शेयर बाजार में बिकवाली देखने को मिली। सेंसेक्स 70.71 अंक गिरकर 78,009.25 पर, जबकि निफ्टी 29.85 अंक टूटकर 24,366 पर बंद हुआ। निफ्टी में लगातार चौथे कारोबारी दिन गिरावट दर्ज हुई।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 395.66 अंक तक फिसलकर 77,684.37 के निचले स्तर पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी करीब 99 अंक टूटकर 24,296.80 के दिन के निचले स्तर तक गया।
निवेशकों की दौलत ₹1.97 लाख करोड़ घटी
शुक्रवार को BSE पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹4,94,13,560.80 करोड़ से घटकर ₹4,92,16,152.08 करोड़ रह गया। यानी एक ही कारोबारी दिन में निवेशकों की संपत्ति करीब ₹1.97 लाख करोड़ कम हो गई।
इन शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी-गिरावट
NSE पर अपोलो हॉस्पिटल्स, भारती एयरटेल, अदाणी पोर्ट्स, अदाणी एंटरप्राइजेज और ICICI बैंक टॉप गेनर्स रहे।
वहीं टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज, एशियन पेंट्स, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज और ONGC सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में रहे।
गुरुवार को सेंसेक्स चढ़ा, निफ्टी गिरा था
इससे पहले गुरुवार को आखिरी घंटे की खरीदारी से सेंसेक्स 113.61 अंक बढ़कर 78,079.96 पर बंद हुआ था। हालांकि निफ्टी 40.10 अंक गिरकर 24,395.85 पर रहा था।
रुपये में मामूली मजबूती
शुक्रवार को डॉलर के मुकाबले रुपया 3 पैसे मजबूत होकर 95.42 के स्तर पर बंद हुआ। हालांकि विदेशी निवेश की निकासी, वैश्विक अनिश्चितता और कच्चे तेल की कीमतों ने रुपये पर दबाव बनाए रखा।









