समाचार-गढ़ 19 अगस्त, 2026।
कोलकाता के मिर्जा गालिब स्ट्रीट स्थित पांच मंजिला इमारत में मंगलवार रात करीब 1:45 बजे भीषण आग लग गई। इमारत के अंदर कई होटल संचालित हो रहे थे और हादसे के वक्त ज्यादातर लोग सो रहे थे। आग और धुएं की चपेट में आने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 लोग घायल हैं।
मृतकों में महिला और 4 साल का बच्चा भी
धुएं से दम घुटने के कारण सभी मृतक बेहोशी की हालत में मिले। मृतकों में 2 महिलाएं और एक 4 साल का बच्चा भी शामिल है। इनमें भारतीय और बांग्लादेशी नागरिक बताए जा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान की जा रही है और संख्या बढ़ने की आशंका है।
धुएं के बीच 80 लोगों को बचाया गया
आग की सूचना मिलते ही दमकल की 5 गाड़ियां, पुलिस और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं। घना धुआं होने के कारण ऊपरी मंजिलों तक पहुंचने में दमकलकर्मियों को काफी मुश्किल हुई। अब तक करीब 80 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा चुका है। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन इमारत गर्म होने के कारण कूलिंग का काम जारी है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
फायर डिपार्टमेंट मंत्री कौशिक चौधरी के मुताबिक, शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है, लेकिन अंतिम वजह फॉरेंसिक जांच के बाद ही सामने आएगी। मंत्री ने इमारत में सुरक्षा और निर्माण नियमों के पालन को लेकर भी सवाल उठाए। यहां कई होटल चल रहे थे और संचालन में अनियमितताओं की शिकायत सामने आई है।
बिल्डिंग मालिक फरार
पुलिस के मुताबिक, इमारत का मालिक फिलहाल फरार है। न्यू मार्केट थाने में केस दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मालिक की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस आग की वजह के साथ-साथ सुरक्षा नियमों के उल्लंघन की भी जांच कर रही है।
बीरभूम के बाद बंगाल में एक और बड़ा अग्निकांड
यह हादसा ऐसे समय हुआ है जब 17 अगस्त को बीरभूम के तारापीठ में होटल में आग लगने से 9 लोगों की मौत हुई थी। वहां भी शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई थी।









